भीलवाड़ा, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा में शैक्षणिक संस्थानों और विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय में ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह आयोजित हुआ, जिसमें भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने छात्राओं को संविधान की विशेषताओं, राष्ट्रीय एकता और महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधनों की जानकारी दी। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिले के विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर लगाए गए।

कन्या महाविद्यालय में आयोजित समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. प्रतिभा राव ने की। माणिक्यलाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. जागेटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं की संगीतबद्ध सरस्वती वंदना से हुआ।

समारोह में छात्राओं और संकाय सदस्यों ने भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। कन्या महाविद्यालय की प्रथम सेमेस्टर की छात्रा काजल आचार्य ने मूल कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि एम.एल.वी. राजकीय महाविद्यालय की छात्रा कोमल स्वामी ने संविधान के महत्व पर विचार रखे। सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान की सह-आचार्य डॉ. शोभा गौतम ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और इसके आधार पर भारतीय संविधान की उन विशिष्टताओं को रेखांकित किया, जो विश्व में अभूतपूर्व हैं।

मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सांसद दामोदर अग्रवाल ने अपने संबोधन में संविधान गौरव दिवस मनाने के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के मूल मंत्र ‘हम भारत के लोग’ के माध्यम से संविधान में निहित राष्ट्रीय एकता की भावना को स्पष्ट किया।

सांसद ने कहा कि पूर्व में राजनीति के माध्यम से संविधान की आत्मा को विकृत करने के प्रयास हुए। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने वाले ऐतिहासिक संवैधानिक संशोधनों पर विस्तार से चर्चा की। इनमें 73वां, 101वां (जीएसटी), 102वां और 103वां (ईडब्ल्यूएस) संशोधन प्रमुख रहे। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 की सफलता के प्रति पूर्ण विश्वास जताते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और सम्मान की दिशा में मील का पत्थर बताया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ संवादात्मक प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन डॉ. शोभा गौतम और सुखपाल सिंह राठौड़ ने किया। अंत में डॉ. संतोष कुमार सोरठा ने अतिथियों, संकाय सदस्यों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में गुरुवार को संविधान दिवस पर जिले के विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश श्रीमती रश्मि आर्य ने स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, सुवाणा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया गया। साथ ही उन्हें संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

श्रीमती रश्मि आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

इसके बाद सचिव की ओर से रूडसेट संस्थान, सुवाणा में भी विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं और अन्य प्रशिक्षणार्थियों को संविधान की महत्ता के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर स्कीम और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

दोनों शिविरों में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, रूडसेट संस्थान के निदेशक और स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं, विद्यार्थियों और युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story