भीलवाड़ा में देशभर में कथित वोट चोरी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर जारी सियासी माहौल के बीच जिला कांग्रेस कमेटी और इंडिया गठबंधन के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, उनका पुतला दहन किया और इस्तीफे की मांग उठाई।

भीलवाड़ा शहर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च शुरू किया। पैदल मार्च मुख्य मार्गों से होते हुए जिला कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

मार्च के कलक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के इस अवरोध के बाद कार्यकर्ता उत्तेजित हो गए और सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए। कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रोष जताते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चुनाव व्यवस्था में निष्पक्षता को ताक पर रखकर लोकतांत्रिक अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मीडिया से बातचीत में शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष जीपी खटीक ने कहा, "आज हमने बाबा साहेब की प्रतिमा से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है और ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है। जिस प्रकार से वोटों की धांधली कर सत्तापक्ष को फायदा पहुंचाने का काम किया जा रहा है, वह लोकतंत्र के लिए घातक है। राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के तमाम घटक दल आज सड़कों पर उतर चुके हैं। यह तो अभी महज एक अंगड़ाई है, हमारी असली लड़ाई आगे और तेज होगी। जब तक इस्तीफा नहीं हो जाता, यह जनआंदोलन रुकने वाला नहीं है।"

काफी देर तक चले हंगामे और उग्र प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। पैदल मार्च और प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर अपना विरोध प्रशासन के समक्ष दर्ज कराया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story