जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) की ओर से मंगलवार को होटल रेडियन्स में “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” और “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिले में 02 से 08 अक्टूबर 2026 तक यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) के अध्यक्ष श्री रामलाल जाट ने अभियान की रूपरेखा और केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

श्री रामलाल जाट ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के संस्थागत कब्जे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को हटाने एवं उनकी गिरफ्तारी की मांग के समर्थन में देशव्यापी विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिले में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चरणबद्ध जन-आंदोलन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी ब्लॉक स्तर पर तैयारी बैठकें आयोजित कर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। इसके बाद जिला स्तर पर 8 अक्टूबर 2026 को विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च महात्मा गाँधी की प्रतिमा कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन भीलवाड़ा से जिला मजिस्ट्रेट (कलेक्टर) कार्यालय तक जाएगा।

श्री जाट ने कहा कि अभियान में जिले के जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ ही वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आमजन से भी मताधिकार और संविधान की रक्षा के इस संघर्ष में साथ आने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक श्री हगामी लाल मेवाड़ा, विधायक प्रत्याशी श्री राजेंद्र त्रिवेदी, विधायक प्रत्याशी श्री नरेन्द्र रेगर तथा ब्लॉक अध्यक्ष श्री गोपाल लाल तिवाड़ी, लाखाराम गुर्जर सहित प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अभियान के तहत 8 अक्टूबर को प्रस्तावित जिला स्तरीय विरोध मार्च को लेकर कांग्रेस ने अपनी आगामी गतिविधियों की रूपरेखा स्पष्ट कर दी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story