भीलवाड़ा: राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के सर्वोदय संकल्प शिविर का हुआ आयोजन
शिविर के प्रथम दिन डॉ. सी.बी. यादव ने स्वराज और विकेंद्रीकरण पर चर्चा की, जबकि कार्यकर्ताओं से जनता के साथ जमीनी स्तर पर जुड़ाव बनाने का आह्वान किया गया।

भीलवाड़ा में आयोजित दो दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर के दौरान मंच पर मंचासीन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव, रामलाल जाट और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी।
भीलवाड़ा, 28 फरवरी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पंचायती राज विभाग, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (RGPRS) द्वारा आयोजित दो दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर के प्रथम दिवस में वैचारिक विषयों पर व्यापक मंथन एवं संवाद हुआ। शिविर में प्रदेश भर से आए जनप्रतिनिधियों, संभावित प्रत्याशियों एवं संगठन पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
दो विचारधाराओं के संघर्ष और स्वराज पर मंथन
प्रथम सत्र में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव ने “दो विचारधाराओं का संघर्ष” विषय पर चर्चा करते हुए बताया कि "वर्तमान समय में देश में एक ओर केंद्रीकरण एवं सत्ता-प्रधान राजनीति की प्रवृत्ति है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की स्वराज, विकेंद्रीकरण एवं जनभागीदारी पर आधारित विचारधारा है। यह संघर्ष केवल सत्ता का नहीं, बल्कि मूल्यों, संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा का संघर्ष है।" “स्वराज की राजनीति” विषय पर विचार रखते हुए डॉ. यादव ने आगे कहा कि "वास्तविक लोकतंत्र ग्राम सभा से प्रारंभ होता है। महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के स्वप्न को साकार करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाना अनिवार्य है। कांग्रेस विचारधारा में सर्वोदय का अर्थ है – सबका उत्थान, अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना। यही दर्शन संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की प्रेरणा का स्रोत है।"
संगठनात्मक मजबूती और जन-जन तक पहुंच का आह्वान
कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री रामलाल जाट ने अपने संबोधन में कहा कि "वैचारिक स्पष्टता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर कांग्रेस की सर्वोदय आधारित सोच को जन-जन तक पहुंचाएं और आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित करें।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष श्री श्यामलाल गुर्जर ने कहा कि "यह शिविर केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक पुनर्जागरण का मंच है।"
जनता से "चूल्हे का रिश्ता" और भावी रणनीति
संगठन के महासचिव एवं प्रशिक्षक श्री श्याम पुरोहित ने कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि "कांग्रेस कार्यकर्ता का जनता से 'चूल्हे का रिश्ता' होना चाहिए — अर्थात वह केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि सुख-दुख, रोजमर्रा की समस्याओं और सामाजिक सरोकारों में निरंतर साथ खड़ा रहे।"
दिन भर चले सत्रों में प्रतिभागियों ने संवादात्मक शैली में अपने अनुभव साझा किए तथा संगठन की भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। शिविर के दूसरे दिन पार्टी के बड़े नेता भी सम्मिलित होंगे तथा पंचायती राज चुनाव और मनरेगा आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार होगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
