भीलवाड़ा: जिला कलक्टर ने मानसून तैयारियों और राजस्व मामलों की समीक्षा की
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने नालों की सफाई, मौसमी बीमारियों की रोकथाम और लंबित राजस्व मामलों को 'मिशन मोड' पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू (दाएं) की अध्यक्षता में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में एडीएम सिटी श्रीमती प्रतिभा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी राजस्व मामलों और मानसून पूर्व तैयारियों पर चर्चा करते हुए।
जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की उच्चस्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और सार्वजनिक सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर व विस्तृत चर्चा हुई। आगामी मानसून के मद्देनजर आपातकालीन स्थितियों से निपटने, मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम, जलभराव से सुरक्षा तथा नागरिक सुविधाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए जिला कलक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए समस्त अधिकारियों को 'मिशन मोड' पर काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं। बैठक में दो टूक कहा गया कि राजस्व अधिकारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ तय समय सीमा के भीतर रेवेन्यू केस और परिवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने जिले में भू-आवंटन, भू-रूपान्तरण, नामांतरण और पंजीयन सहित सभी तरह के लंबित राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की और गत बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट तलब की। उन्होंने दो टूक निर्देश दिए कि राजस्व अधिकारी अपने कार्य समय में बढ़ोतरी कर कोर्ट केस के प्रकरणों के साथ-साथ रेवेन्यू परिवादों का जल्द से जल्द निस्तारण करें। कन्वर्जन और नामांतरण जैसे मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पंजीयन विभाग को सौंपे गए लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति लाई जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), मुख्य सचिव (सीएस) कार्यालय एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त होने वाले संदर्भों पर त्वरित व समुचित कार्यवाही करने तथा क्षेत्र में सरकार की बजट घोषणाओं के धरातलीय क्रियान्वयन को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
मानसून पूर्व तैयारियों पर बेहद संवेनदशील रुख अख्तियार करते हुए जिला कलक्टर ने नगर निकाय और यूआईटी क्षेत्र के समस्त छोटे-बड़े नालों व नालियों की समयबद्ध व समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बरसाती पानी की निकासी में कोई व्यवधान न आए। उन्होंने किसी भी संभावित जनहानि या दुर्घटना से बचाव के लिए साफ किए गए नालों को तत्काल सही तरीके से ढकने, खुले चैंबर बंद करने और सड़कों के गड्ढे भरवाने की हिदायत दी। इसके साथ ही, मानसून के दौरान फैलने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को पूरे जिले में व्यापक स्तर पर एंटी लार्वा गतिविधियां संचालित करने, अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने, समर्पित इंटीग्रेटेड वार्ड तैयार करने और सभी स्वास्थ्य कर्मियों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखने के कड़े निर्देश जारी किए गए।
विद्युत और पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर ने बिजली के ढीले तारों को तत्काल कसने और रख-रखाव के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति दुरुस्त रखने तथा विद्युत विभाग को पानी की सप्लाई वाले फीडर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया। उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण करें, ई-फाइलों का त्वरित निस्तारण कर एवरेज डिस्पोजल टाइम को कम करें, तथा संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान कर सेटिस्फेक्शन परसेंटेज में बढ़ोतरी करें।
इस महासमीक्षा बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरण, भू-अभिलेख, सीमा ज्ञान, पत्थरगढ़ी, फसल कटाई प्रयोग, ऑनलाइन भूमि सम्परिवर्तन, पब्लिक लैंड प्रोटेक्शन सेल (पीएलपीसी) में दर्ज मामलों, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के लिए भूमि अवाप्ति के लंबित प्रकरणों, राजकीय कार्यालयों व संस्थाओं को भूमि आवंटन, राजस्व वसूली, विधि अनुभाग, सहायता अनुभाग, पीएम किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति और ई-फाइल सिस्टम पर विस्तार से विमर्श कर ठोस कार्ययोजना तय की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (एडीएम सिटी) श्रीमती प्रतिभा सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जिले के सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा अन्य संबंधित राजस्व अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
