भीलवाड़ा में अकाउंटेंट ने कंपनी और परिवार के खातों से उड़ाए 8.01 करोड़ रुपये, ऑनलाइन सट्टेबाजी में गंवाई रकम
भीलवाड़ा में कपड़ा व्यापारी की फर्म के अकाउंटेंट पर कंपनी और परिवार के बैंक खातों से 8 करोड़ 1 लाख रुपये के गबन का आरोप है। ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में रकम गंवाने वाला आरोपी तिजारा से गिरफ्तार हुआ।

भीलवाड़ा में ऑनलाइन गेमिंग के लिए 8 करोड़ के गबन के आरोपी अकाउंटेंट को ले जाती पुलिस।
भीलवाड़ा में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत के चलते एक कपड़ा व्यापारी की फर्म में करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। फर्म के भरोसेमंद अकाउंटेंट तरुणकुमार काला ने कंपनी और व्यापारी के परिवार के सदस्यों के बैंक खातों से कुल 8 करोड़ 1 लाख रुपये निकालकर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में खर्च कर दिए। सुभाषनगर थाना पुलिस ने आरोपी को अलवर जिले के तिजारा से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाशकुमार विश्नौई ने बताया कि फर्म के डायरेक्टर ने 15 सितंबर 2026 को गबन की शिकायत दर्ज कराई थी। राजपूत कॉलोनी निवासी तरुणकुमार (34) पुत्र रमेशचंद्र काला को कंपनी के वित्तीय लेन-देन और बैंक खातों से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इसी दौरान उसने कंपनी के खातों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर करनी शुरू कर दी।
कंपनी के बैंक खातों की आंतरिक जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि खातों में केवल 38,000 रुपये शेष बचे थे। शुरुआती पड़ताल में आरोपी की ओर से 4 करोड़ 57 लाख रुपये सीधे अपने बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली। मामला दर्ज होने के बाद तरुणकुमार काला शहर छोड़कर फरार हो गया था।
इसके बाद सुभाषनगर थाना पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने 13 नवंबर को अलवर जिले के तिजारा इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच में सामने आया कि आरोपी ने केवल कंपनी के बैंक खातों में ही सेंध नहीं लगाई, बल्कि कपड़ा व्यापारी के परिवार के सदस्यों के बैंक खातों से भी रकम निकाली थी। इस तरह कुल गबन की राशि 8 करोड़ 1 लाख रुपये तक पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, कंप्यूटर और बैंक खातों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि तरुण ऑनलाइन बैटिंग और गेमिंग एप के जरिए सट्टेबाजी में पूरी तरह उलझ चुका था। साइबर और फोरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, उसने कंपनी की रकम के अलावा अपनी 25 से 30 लाख रुपये की बचत भी ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी।
पुलिस ने बुधवार को आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए। इस मामले में कंपनी और व्यापारी के परिवार के बैंक खातों से कुल 8 करोड़ 1 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
