भीलवाड़ा में बाल विवाह रोका, दूल्हे की उम्र 20 साल मिली; मां से शपथ पत्र लिया
चाइल्ड हेल्पलाइन की शिकायत पर मांडल पुलिस ने जांच की और एएसडीएम के समक्ष इस्तगासा पेश कर शादी से एक दिन पहले विवाह रुकवाया।

भीलवाड़ा। घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और अगले दिन बारात निकलने वाली थी, लेकिन विवाह से ठीक एक दिन पहले चाइल्ड हेल्पलाइन पर मिली शिकायत ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो दूल्हे की उम्र 21 वर्ष से कम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने बाल विवाह रुकवाते हुए दूल्हे की मां को विवाह नहीं करवाने के लिए पाबंद किया। इस संबंध में मां से शपथ पत्र भी लिया गया।
मांडल थाने के सहायक उप निरीक्षक रघुनाथलाल गुर्जर के अनुसार, शुक्रवार को चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से थाने में बाल विवाह की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम अरजिया गाडरीखेड़ा पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि संबंधित युवक का विवाह शनिवार को होना तय था। बारात शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में जाने वाली थी। पुलिस ने विवाह से पहले दूल्हे की उम्र की पुष्टि के लिए उसके दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों में उसकी उम्र 20 साल सामने आई, जबकि विवाह के लिए उसकी उम्र 21 वर्ष होनी आवश्यक थी।
दूल्हे की उम्र निर्धारित सीमा से कम पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल विवाह की तैयारियां रुकवा दीं और बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस ने इस मामले में एएसडीएम के समक्ष इस्तगासा पेश किया। इसके बाद दूल्हे की मां को बाल विवाह नहीं करवाने के लिए पाबंद किया गया। मां ने भी विवाह नहीं करवाने के संबंध में शपथ पत्र प्रस्तुत किया।
चाइल्ड हेल्पलाइन पर समय रहते मिली शिकायत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शादी से ठीक एक दिन पहले बाल विवाह रुक गया। यह कार्रवाई बाल विवाह की सूचना समय पर संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उसकी रोकथाम के लिए शिकायत की अहम भूमिका को रेखांकित करती है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
