भीलवाड़ा में छठ पूजा: सर्वश्रेष्ठ घाट चयन के लिए यूनेस्को एसोसिएशन की प्रतियोगिता
जिला यूनेस्को एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में छठ घाटों की स्वच्छता और सजावट का मूल्यांकन कर 5100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

भीलवाड़ा में यूनेस्को एसोसिएशन द्वारा छठ पूजा पर सर्वश्रेष्ठ घाट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
भीलवाड़ा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर घाटों की विशेष साज-सज्जा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन की ओर से विशेष प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। तीन दिवसीय छठ महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न घाटों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सर्वश्रेष्ठ घाट का चयन किया जाएगा।
स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाललाल माली ने बताया कि बिहार के पूर्वांचल क्षेत्र के इस प्रमुख त्योहार को सामाजिक स्तर पर प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला यूनेस्को एसोसिएशन के तत्वावधान में यह पहल की गई है। छठ पूजा के दौरान विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के बीच घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता और विशेष सजावट को प्रतियोगिता का आधार बनाया गया है।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल की अध्यक्षता में 11 सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में जिला यूनेस्को एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विशाल विजयवर्गीय, संगठन मंत्री कमलेश जाजू, साधना मेंलाना, जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, पार्षद महेन्द्र सिंह, अशोक विश्नोई, थान सिंह, विक्रम साहनी, रविन्द्र भारती, ऋषीराज सहित लीलाकांत चौधरी को शामिल किया गया है।
निर्णायक कमेटी के सदस्य छठ पूजा के दौरान विभिन्न घाटों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान घाटों पर की गई साफ-सफाई, स्वच्छता, व्यवस्थाओं और साज-सज्जा का आकलन किया जाएगा। निरीक्षण के आधार पर सर्वश्रेष्ठ व्यवस्थाओं वाले घाट का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ घाट को जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं पूर्वांचल जन चेतना समिति की ओर से 5100 रुपये का नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से छठ पूजा के आयोजन में घाटों की स्वच्छता, बेहतर व्यवस्थाओं और आकर्षक सजावट को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
