भीलवाड़ा की मानसरोवर झील शनिवार शाम भोजपुरी संगीत, छठ गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठी। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय छठ महोत्सव के पहले दिन भोजपुरी फिल्मी सितारों और प्रसिद्ध गायकों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और संगीत के रंग में रंग दिया। भोजपुरी अभिनेत्री भारती मेहता और नैना सिंह की मौजूदगी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। त्रिलोक झा और श्याम सिंह के छठ गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए।

पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित महोत्सव में स्टार गायक त्रिलोक झा ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने 'कर्पूर गौरं करुणावतारं' की स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। इसके बाद 'गंगा जी के शीतल पनिया, अरे घर लेके भागतीन थार' और 'लचके ला बहंगी, झूमेला बिहरिया' जैसे भोजपुरी लोकगीतों और छठ गीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया।

छपरा के सुपरस्टार गायक श्याम सिंह ने भी अपनी भोजपुरी गायकी से सांस्कृतिक संध्या में अलग रंग भर दिया। उन्होंने 'मंगल के दाता, हुआ बिगड़ी बनाई जी' गीत के माध्यम से भक्ति रस घोला। इसके बाद 'रेलगड़िया धराई द बलमुआ, जाइब छठ' और 'विद्या बनाई द छठी घाटे, देवरू' जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर छठ महापर्व की पारंपरिक लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का स्वागत किया।

गायिका संजना राय ने 'कोन संकट परल तोहार दीनानाथ', 'उगा है सूरज देव' और 'कांचे ही बांस के बहंगिया' जैसे पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। वहीं, मुंबई फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री भारती मेहता कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहीं। फिल्म, वेब सीरीज, ओटीटी और टेलीविजन के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में अपनी अभिनय प्रतिभा दिखा चुकीं भारती मेहता की मौजूदगी से दर्शकों में खास उत्साह दिखाई दिया। भोजपुरी अभिनेत्री नैना सिंह ने भी मंच पर विशेष प्रस्तुति दी।

सुप्रसिद्ध गायिका संजना ने छठ के पारंपरिक गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से जोड़ दिया। वहीं, नृत्यांगनाओं यीशु गुप्ता और आरोही ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया। दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भोजपुरी संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति का संगम देखने को मिला।

समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया कि छठ महापर्व पूर्वांचल की संस्कृति और परंपराओं का प्रमुख पर्व है। यह केवल सूर्य उपासना का धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला लोक आस्था का महापर्व है। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय छठ पर्व 13 से 16 नवंबर तक पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान व्रती निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देते हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 15 नवंबर को शाम सात से रात दस बजे तक लेबर कॉलोनी स्थित श्रम कल्याण केंद्र मैदान में भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से वृंदावन से आने वाले कलाकार देवी-देवताओं की लीलाओं का सजीव मंचन करेंगे। कार्यक्रम में धार्मिक झांकियां, भक्ति संगीत और भोजपुरी गायकों की लाइव प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।

रजनीश वर्मा ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल की समृद्ध धार्मिक विरासत, लोकगीतों, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। आयोजन समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी सहित समिति के सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया। समिति की ओर से शहरवासियों से दूसरे दिन के कार्यक्रम में भी सपरिवार शामिल होकर छठ महोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई।

इस अवसर पर आयोजन समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी के साथ सदस्य दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, रामवती देवी, पूनम, मंजू देवी, राजऋषि, वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, राकेश मानसिंहका, गोपाल माली, ललित अग्रवाल, चेतन मानसिंह, राजकुमार माली, लीलकांत चौधरी, मुरली मनोहर सेन और महावीर तेली सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 15 नवंबर 2026 को श्रम कल्याण केंद्र, लेबर कॉलोनी के प्रांगण में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वाटर वर्क्स में आने वाले श्रद्धालुओं और समस्त भीलवाड़ावासियों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। समिति ने शहरवासियों से लोक आस्था, भोजपुरी संगीत, भारतीय संस्कृति और भक्ति के इस उत्सव का साक्षी बनने की अपील की है।

Updated On
Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story