चैनपुरा में 70 वर्षीय महिला की हत्या, घर से आधा किलो चांदी और सोने के गहने गायब
भीलवाड़ा के चैनपुरा में 70 वर्षीय सीता देवी रेगर की हत्या से सनसनी फैल गई। घर से करीब आधा किलो चांदी के जेवरात, सोने की मंडली और अन्य गहने गायब मिले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों से जांच में जुटी है।

भीलवाड़ा। बदनोर थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव में बुधवार सुबह 70 वर्षीय सीता देवी रेगर की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला का शव मकान के अंदर पड़ा मिला। वहीं, घर से करीब आधा किलो चांदी के जेवरात, सोने की मंडली समेत अन्य आभूषण गायब मिले। हत्या और लूट की इस वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
वारदात का पता बुधवार सुबह करीब 7 बजे चला। पड़ोस में रहने वाले सीता देवी के पोते कैलाश रेगर ने दूध के लिए उन्हें आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं आया। घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन छत के रास्ते मकान के अंदर पहुंचे, जहां सीता देवी मृत अवस्था में मिलीं।
बुजुर्ग महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बदनोर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
सीता देवी गांव में पाबूजी मंदिर के पास स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। उनका एक बेटा अहमदाबाद में मजदूरी करता है, जबकि चार विवाहित बेटियां अपने-अपने ससुराल में रहती हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बदमाशों को महिला के अकेले रहने की जानकारी पहले से थी या नहीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से करीब आधा किलो चांदी के जेवरात, एक सोने की मंडली और अन्य गहने गायब मिले हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि लूट के बाद बुजुर्ग महिला की हत्या की गई। हालांकि महिला की हत्या किस तरीके से की गई और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
सूचना मिलते ही बदनोर थाना प्रभारी शंभूदयाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वारदात की गंभीरता को देखते हुए ब्यावर से विशेष टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वारदात से पहले और बाद में इलाके में संदिग्ध लोगों और वाहनों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि बुजुर्ग महिला को किसने निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश किस रास्ते से फरार हुए।
फिलहाल हत्या और लूट की इस वारदात की जांच कई एंगल से की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिल सकते हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
