शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे बदमाशों पर भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। कोतवाली और प्रतापनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शास्त्रीनगर इलाके में हुई सनसनीखेज चैन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी दीपक धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल उसका दूसरा साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 08:15 बजे शास्त्रीनगर नाले और डेयरी के बीच महिला श्वेता जैन अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने पीहर से लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने चलती स्कूटी के पास आकर महिला के गले पर झपट्टा मारा और करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चैन तोड़कर शास्त्रीनगर चौराहे की तरफ फरार हो गए। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी अंधेरे और तेज रफ्तार का फायदा उठाकर भाग निकले।

घटना के बाद शहर में बढ़ती स्नैचिंग की वारदातों और महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आमजन में विश्वास बहाल करने के उद्देश्य से तत्काल स्पेशल ज्वाइंट टीम का गठन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी शहर सज्जन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली थानाधिकारी हनुमान सिंह और प्रतापनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चलाया। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक मुखबिरी तंत्र का समन्वय करते हुए घटनास्थल से लेकर शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, रेलवे स्टेशन और अभय कमांड सेंटर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज से आरोपी का हुलिया और वीडियो निकालकर राजस्थान के सभी पुलिस सोशल मीडिया ग्रुप्स तथा स्टेट कंट्रोल रूम को भेजा गया। इसके बाद मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दीपक धाकड़ पुत्र राधेश्याम धाकड़, उम्र 20 वर्ष, निवासी नया बापूनगर, थाना प्रतापनगर हाल निवासी तेजा बिहार कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से लूटी गई सोने की चैन की बरामदगी और उसके फरार साथी के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी से भीलवाड़ा शहर में हुई अन्य चोरी और स्नैचिंग की वारदातों के बारे में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में कोतवाली थानाधिकारी हनुमान सिंह, एएसआई जगराम, प्रतापनगर थाने के हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह तथा कोतवाली थाने के कांस्टेबल ओमसिंह और रामकिशन शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ते सड़क अपराधों पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story