भीलवाड़ा: शास्त्रीनगर चेन स्नैचिंग मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा, सोने की चैन बरामद
कोतवाली थाना पुलिस ने कुंवारिया थाने के हिस्ट्रीशीटर रमेश चन्द्र गाडरी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद लूटी गई सोने की चैन बरामद हुई।

भीलवाड़ा शहर के शास्त्रीनगर इलाके में महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए लूटी गई सोने की चैन बरामद कर ली है। पुलिस ने मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके शातिर बदमाश और हिस्ट्रीशीटर की निशानदेही पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, सांगानेर रोड निवासी श्रीमती श्वेता जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:15 बजे वह अपनी पुत्री के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान शास्त्रीनगर नाले और डेयरी के बीच बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके पास पहुंचे और गले से करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चैन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी दीपक धाकड़ निवासी नया बापूनगर से वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की थी। आरोपी दीपक धाकड़ से मिली जानकारी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल उसके साथी तथा कुंवारिया (राजसमंद) थाने के हिस्ट्रीशीटर रमेश चन्द्र गाडरी को न्यायालय के आदेश पर जिला कारागृह भीलवाड़ा से प्रोडक्शन वारंट के जरिए हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर रमेश चन्द्र गाडरी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की चैन बरामद कर ली। मामले में कोतवाली थानाधिकारी हनुमान सिंह, एएसआई जगराम, कांस्टेबल ओमसिंह और कांस्टेबल रामकिशन की विशेष भूमिका रही।
शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच कोतवाली थाना पुलिस की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। पुलिस अब मामले में वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
