भीलवाड़ा। जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में चित्तौडग़ढ़ हाइवे स्थित ग्रीन प्लाजा होटल की पार्किंग में खड़ी क्रेटा कार के शीशे तोडक़र लाखों रुपये के गहने चुराने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

आरोपित की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई

  • पुलिस ने एक आरोपित उपेंद्र उर्फ बिंदू को प्रोडक्शन वारंट पर सब जेल गुलाबपुरा से गिरफ्तार किया है।
  • पुलिस अब उससे पूछताछ कर चोरी गए गहनों की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
  • जबकि उसका एक साथी अब भी फरार बताया जा रहा है।

घटना का विवरण और दर्ज रिपोर्ट

हमीरगढ़ थाना पुलिस के अनुसार मंदसौर की नई आबादी निवासी समीम पत्नी मोहम्मद मंसूरी ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि:

  • वह अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं और भोजन के लिए ग्रीन प्लाजा होटल पर रुकी थीं।
  • कार पार्किंग में खड़ी कर दी गई थी, जिसमें सोने के गहने और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
  • "भोजन के बाद जब परिवार वापस लौटा तो कार का शीशा टूटा मिला और अंदर से करीब 12 से 13 तोला सोना सहित अन्य सामान गायब था।"

CCTV फुटेज और जांच का मोड़

पुलिस ने होटल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो सामने आया कि बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि शुरुआती जांच में आरोपितों का सुराग नहीं मिल पाया।

खुलासा और अन्य वारदातों में संलिप्तता

इसी दौरान कुछ दिन पहले गुलाबपुरा थाना पुलिस ने सरेरी क्षेत्र के होटल चौपाल में हुई इसी तरह की चोरी के मामले में हरियाणा के जिंद जिले के धमातान साहिब निवासी उपेंद्र उर्फ बिंदू पुत्र हरिकिशन सांसी को गिरफ्तार किया था।

"पूछताछ के दौरान उपेंद्र ने ग्रीन प्लाजा होटल की पार्किंग में हुई चोरी को भी स्वीकार कर लिया।" इसके बाद हमीरगढ़ पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया।

आगामी कदम

पुलिस का कहना है कि फरार साथी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे भी पकडऩे का प्रयास किया जाएगा। साथ ही चोरी गए गहनों की बरामदगी को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story