भीलवाड़ा। पंचायती राज चुनाव में मतदान करने और परिवार से मिलने की खुशी लेकर बेंगलुरु से अपने गांव आए एक प्रवासी व्यवसायी की जिंदगी सड़क हादसे में खत्म हो गई। आसींद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-148डी पर खेजड़ी पुलिया के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार प्रभुनाथ योगी (43) की मौत हो गई। गुरुवार को उनकी बेंगलुरु वापसी की फ्लाइट का टिकट बुक था। ससुराल में रात बिताकर सुबह बेंगलुरु रवाना होने की तैयारी थी, लेकिन उड़ान भरने से पहले ही एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

पुलिस और परिजनों के अनुसार, बदनोर थाना क्षेत्र के गढ़वाई निवासी प्रभुनाथ योगी, पुत्र नैनूनाथ योगी, बेंगलुरु में मार्बल और ग्रेनाइट का व्यवसाय करते थे। वे कुछ दिन पहले ही पंचायती राज चुनाव में मतदान करने और परिजनों से मिलने अपने पैतृक गांव गढ़वाई आए थे। गांव में परिवार के साथ समय बिताने और मतदान का दायित्व निभाने के बाद बुधवार शाम वे बाइक से अपने ससुराल मादेड़ा के लिए रवाना हुए थे। उनकी योजना ससुराल पक्ष के लोगों से मुलाकात कर रात वहीं रुकने और गुरुवार को फ्लाइट से वापस बेंगलुरु लौटने की थी।

इसी दौरान देर रात एनएच-148डी पर खेजड़ी चौराहे और पुलिया के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभुनाथ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल गुलाबपुरा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रभुनाथ को मृत घोषित कर दिया।

शंभूगढ़ थाने के एएसआई सत्यनारायण ने बताया कि मृतक के परिजन पूर्णनाथ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रभुनाथ की असमय मौत से गढ़वाई और मादेड़ा दोनों गांवों में शोक की लहर फैल गई। उनके शव के गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जिस घर में एक दिन पहले तक उनके बेंगलुरु लौटने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। चुनाव में मतदान कर अपनों से मिलने गांव आए प्रभुनाथ का सफर बेंगलुरु वापसी से ठीक पहले समाप्त हो गया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story