भीलवाड़ा बाइपास हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाकर लग्जरी और स्लीपर बसों की जांच की, जिससे बस संचालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान हाईवे से गुजरने वाली 8 लग्जरी और स्लीपर बसों की जांच की गई। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाली 4 बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹54,200 के चालान काटे गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य के निर्देशन में परिवहन निरीक्षक मनीष कुमार और कैलाश कंवर शक्तावत सहित यातायात पुलिस की टीम ने बसों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। इस दौरान बसों की फिटनेस, वैध परमिट और बीमा दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता, आपातकालीन निकास की कार्यशीलता, प्राथमिक उपचार किट सहित अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।

कार्रवाई के दौरान जिस बस को सीज किया गया, उसके यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया। बस ऑपरेटर को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। दूसरी बस की व्यवस्था होने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं जिन बसों के दस्तावेज और सुरक्षा मानक सही पाए गए, उन्हें बिना देरी के जाने दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अधिकारियों के अनुसार यह विशेष अभियान आगामी एक माह तक लगातार चलेगा। भीलवाड़ा बाइपास सहित जिले के विभिन्न मुख्य मार्गों पर बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किए जाएंगे, ताकि परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाया जा सके।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story