भीलवाड़ा: बस में बच्चे के टिकट पर विवाद के बाद स्कॉर्पियो लूटी और फूंकी, केस दर्ज
जोगणिया माता से लौटते समय बस में विवाद के बाद समझौते के बहाने युवक को बुलाया, फिर स्कॉर्पियो में टक्कर मारकर लूट ली और आग लगा दी।

भीलवाड़ा के कुवाड़ा गांव के पास पूरी तरह जली हुई स्कॉर्पियो, जिसे बस टिकट विवाद के बाद आरोपियों ने आग के हवाले कर दिया था।
भीलवाड़ा जिले में बस में बच्चे के टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर वारदात में बदल गया। जोगणिया माता के दर्शन कर लौट रहे प्रहलाद जाट को कथित तौर पर बस से उतारने के बाद आरोपियों ने समझौते के बहाने उनके भतीजे दिलखुश जाट को अहिंसा सर्किल बुलाया। इसके बाद उसकी स्कॉर्पियो को दूसरी गाड़ी से टक्कर मारी, कांच तोड़े और वाहन लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि लूटी गई स्कॉर्पियो को सुभाषनगर थाना क्षेत्र में कुवाड़ा गांव के पीछे सुनसान जगह पर ले जाकर आग लगा दी गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक एवं जांच अधिकारी जमनालाल खटीक ने बताया कि सुवाणा निवासी दिलखुश पुत्र रामेश्वर जाट ने मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। जांच के अनुसार, दिलखुश के चाचा प्रहलाद जाट अपनी बेटी और दोहिते के साथ जोगणिया माता के दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान वे जोगणिया माता से ही एक बस में सवार हुए। बस चालक कन्हैयालाल जाट और उसके परिचालक बेटे सुनील ने बच्चे के टिकट को लेकर प्रहलाद जाट से विवाद शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने प्रहलाद जाट के साथ मारपीट की और उन्हें उनकी बेटी तथा दोहिते समेत जोगणिया माता क्षेत्र में ही बस से नीचे उतार दिया। घटना की जानकारी दोनों पक्षों के परिजनों तक पहुंची तो मामले में समझौते की बात सामने आई।
आरोप है कि इसके बाद चालक कन्हैयालाल के बेटे सुनील ने परिवादी दिलखुश के भाई को फोन किया। सुनील ने एक ही समाज के होने की बात कहते हुए गलती मानने और मामले में समझौता करने का भरोसा दिलाया। इसी बहाने दिलखुश को अहिंसा सर्किल बुलाया गया।
समझौते की बात पर विश्वास करके प्रहलाद जाट का भतीजा दिलखुश अपने चार-पांच दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा। दूसरी ओर, आरोपी पक्ष भी दो गाड़ियों, एक एक्सयूवी और एक स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद दिलखुश को चकमा देकर यश विहार के पीछे ले जाया गया।
वहां आरोपियों अनिल, सुनील, जटा शंकर और अन्य लोगों ने अपनी गाड़ी से दिलखुश की स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दिलखुश और उसके साथी वाहन से उतरकर जान बचाने के लिए भागे। इसी दौरान आरोपियों ने स्कॉर्पियो के कांच तोड़ दिए और वाहन को कथित तौर पर जबरन लूटकर फरार हो गए।
आरोपियों ने लूटी गई स्कॉर्पियो को सुभाषनगर थाना क्षेत्र में कुवाड़ा गांव के पीछे एक सुनसान स्थान पर पहुंचाया और वहां उसे आग के हवाले कर दिया। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया।
दिलखुश की रिपोर्ट पर भीमगंज थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। बस में बच्चे के टिकट को लेकर शुरू हुए विवाद से लेकर समझौते के बहाने बुलाने, स्कॉर्पियो लूटने और उसे आग लगाने तक की इस घटना की जांच पुलिस कर रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
