भीलवाड़ा: सुषमा धाकड़ स्मृति रक्तदान शिविर में बना 3069 यूनिट का रिकॉर्ड
बिजौलिया के नया गांव में आयोजित विशाल शिविर में 950 महिलाओं ने किया रक्तदान, प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित ब्लड बैंकों ने किया रक्त संग्रहण।

बिजौलिया के नया गांव में सेवा और समर्पण का एक ऐसा सैलाब उमड़ा जिसने भीषण गर्मी के तपेदिश को जनसेवा के जज्बे से बौना साबित कर दिया। विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्वर्गीय श्रीमती सुषमादेवी धाकड़ की पावन पुण्य स्मृति में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर ने 3069 यूनिट रक्त एकत्रित कर इस वर्ष सफलता का एक नया ऐतिहासिक अध्याय लिख दिया है। इस आयोजन की सबसे गौरवमयी उपलब्धि महिलाओं की अभूतपूर्व सहभागिता रही, जहां 950 महिलाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक चेतना का एक जीवंत एवं प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। यह आंकड़ा स्पष्ट करता है कि अब महिलाएं केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा हेतु अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तत्पर हैं।
आसमान से बरसती आग के बीच हजारों की संख्या में पहुंचे युवाओं, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का उत्साह सुबह से लेकर देर शाम तक अटूट बना रहा। रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षित रक्त संग्रहण सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के नामचीन चिकित्सा संस्थानों की विशेषज्ञ टीमों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें जयपुर के एसएमएस ट्रॉमा सेंटर व शांति ब्लड बैंक, उदयपुर का पेसिफिक हॉस्पिटल, कोटा के अग्रवाल ब्लड सेंटर व कृष्णा रोटरी ब्लड बैंक सहित भीलवाड़ा के अरिहंत हॉस्पिटल, रामस्नेही हॉस्पिटल, महात्मा गांधी चिकित्सालय, कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक और भीलवाड़ा ब्लड बैंक की टीमों ने कुशलतापूर्वक रक्त संग्रहण का कार्य संपादित किया। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के क्रम में शिविर स्थल पर महिलाओं एवं एनीमिक मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य परामर्श केंद्र भी स्थापित किए गए, जहां सिम्स हॉस्पिटल भीलवाड़ा के सहयोग से महिला रोग विशेषज्ञों और डाइटीशियन ने सेवाएं दीं। साथ ही, रक्तदाताओं के लिए ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बुनियादी जांचों की नि:शुल्क व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम को पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैयालाल धाकड़ का अनुभवी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जबकि ट्रस्ट अध्यक्ष दीपशिखा धाकड़ के नेतृत्व में इस आयोजन को भव्यता मिली। शिविर में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने वालों में अखिल भारतीय धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष डॉ. अर्जुन धाकड़, पूर्व नगर पालिका चेयरमैन जफर टांक, विनोद ओस्तवाल, राजकुमार आंचलिया, बिजौलिया प्रधान आशा कुमारी भील, उपप्रधान कैलाश धाकड़, ट्रस्ट सचिव गोपाल धाकड़, कोषाध्यक्ष मोहनलाल धाकड़, मांडलगढ़ महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मीना सोनी, पूर्व अध्यक्ष अल्का लढ़ा, भूपेंद्र धाकड़ (कोटा), नवल किशोर धाकड़ (कोटा), ऊपर माल धाकड़ पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़ और ऊपर माल धाकड़ समाज पंचायत अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रशासनिक गणमान्यजन सम्मिलित रहे। आयोजकों ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय सामूहिक जनशक्ति को देते हुए कहा कि यह शिविर केवल एक आयोजन मात्र नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को जीवन की नई उम्मीद देने का संकल्प था। ट्रस्ट परिवार ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा दलों और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए मानवता के इस महादान को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
