भीलवाड़ा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर रामद्वारा रोड स्थित रामस्नेही वाटिका में विजय इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 1378 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। संतों के सान्निध्य और राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में हुए इस महाशिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।

शिविर का शुभारंभ संतों के सान्निध्य में बापू और शास्त्री जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ। हरि सेवा उदासीन आश्रम के संत मायाराम जी महाराज एवं संत बनवारी शरण जी (काटिया वाले बाबा) ने रक्तदाताओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय और आध्यात्मिक धर्म नहीं है। नर सेवा ही सच्ची नारायण सेवा है।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के त्याग और सेवा के विचारों को साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम पीड़ित मानवता की रक्षा करना है। भीलवाड़ा के युवाओं ने 1378 यूनिट रक्तदान कर यह साबित किया है कि सेवा और समर्पण के मामले में वस्त्रनगरी का युवा हमेशा अग्रणी रहता है। उन्होंने कहा कि एक-एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद परिवार के लिए जीवन की नई किरण बनेगा।

सोसायटी के अध्यक्ष ओम नाराणीवाल ने शिविर में पहुंचे सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और संस्था के सेवा संकल्पों पर प्रकाश डाला।

सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि रक्त संग्रहण के लिए प्रदेश भर के प्रमुख ब्लड सेंटरों की विशेषज्ञ टीमों ने सेवाएं दीं। इनमें एसएमएस ट्रॉमा ब्लड सेंटर जयपुर, महाराणा भूपाल ब्लड सेंटर उदयपुर, शेखावाटी ब्लड सेंटर जयपुर, राजधानी ब्लड सेंटर जयपुर, महात्मा गांधी अस्पताल ब्लड सेंटर भीलवाड़ा, रामस्नेही अस्पताल ब्लड सेंटर, अरिहंत अस्पताल ब्लड सेंटर, पोरवाल अस्पताल ब्लड सेंटर, केशव ब्लड सेंटर देवली, भीलवाड़ा ब्लड सेंटर एवं कोटड़ी श्याम ब्लड सेंटर की टीमें शामिल रहीं। इन टीमों ने सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में कुल 1378 यूनिट रक्त संग्रहित किया।

सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके लिए पौष्टिक अल्पाहार की भी समुचित व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर हगामी लाल मेवाड़ा, कैलाश व्यास, राजेंद्र त्रिवेदी, नरेन्द्र रेगर, वैद्य हंसराज जाट, चेतन पेशवानी, ईश्वर खोईवाल, महेश सोनी, गजमल जाट, चेतन डीडवानिया, प्रद्युम्न सिंह, गोविंद गुर्जर, रमेश सेन, लखन काकानी, प्रकाश जाट, प्रति काकानी, बाबू लाल माली, ओम प्रकाश तेली, राजू डीडवानिया, इशाक मोहम्मद सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

अंत में संस्था की ओर से पधारी सभी ब्लड बैंक टीमों, प्रशासनिक अमले, प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों और विशेष रूप से सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया। गांधी-शास्त्री जयंती पर आयोजित इस शिविर में 1378 यूनिट रक्त का संग्रह इसकी व्यापक भागीदारी और रक्तदाताओं के सेवा संकल्प को सामने लाता है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story