12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर से एक दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में शनिवार सुबह सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसके तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में आयोजित यह योग सत्र प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक चला। कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षिका अभीश्रुता सोलंकी द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी।

भाजपा जिला मीडिया संयोजक महावीर समदानी ने बताया कि योगाभ्यास कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि भारत की हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला योग दिवस आज विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य और वेलनेस अभियानों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में पहली बार मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कुछ ही वर्षों में वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है और करोड़ों लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

मेवाड़ा ने कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से 21 जून को आयोजित होने वाले प्रशासनिक एवं सरकारी योग दिवस कार्यक्रमों में अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भीलवाड़ा नगर में निवासरत विभिन्न जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा पदाधिकारियों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। योग दिवस से पूर्व आयोजित यह कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story