भीलवाड़ा। बिजोलिया थाना क्षेत्र के भगवानपुरा गांव में गुरुवार आधी रात करीब 2:30 बजे 5 से 6 हथियारबंद बदमाशों ने दीवार फांदकर बालचंद मीणा के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बाहर सो रही वृद्धा लाड़ देवी के कानों से सोने के टॉप्स नोच लिए। विरोध करने पर उसके पति बालचंद मीणा पर लाठियों से हमला कर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए।

घटना के दौरान लाड़ देवी की चीख-पुकार सुनकर पति बालचंद मीणा की नींद खुल गई। उन्होंने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाईं। हमले में बालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ-पैर टूट गए। इसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल बालचंद को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

भगवानपुरा गांव में एक महीने के भीतर यह दूसरी सनसनीखेज वारदात है। इससे पहले 11 जुलाई को भी इसी गांव में इसी अंदाज में टॉप्स लूटने की घटना हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों में वारदातों को लेकर आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि गांव में रात की गश्त तुरंत नहीं बढ़ाई गई और लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लगातार दूसरी वारदात के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

Next Story