बिजोलिया सोलर प्लांट में ₹5 लाख की कॉपर केबल चोरी, बदमाश डीवीआर भी ले गए
भीलवाड़ा के बिजोलिया क्षेत्र के आंट गांव स्थित सोलर प्लांट में चोरों ने ₹5 लाख की कॉपर डीसी केबल चोरी कर ली। बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए, पुलिस जांच में जुटी है।

भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया थाना क्षेत्र के आंट गांव स्थित एक सोलर प्लांट में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश प्लांट से करीब 5,000 मीटर कॉपर डीसी केबल काटकर ले गए, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5 लाख बताई जा रही है। चोरी के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
प्लांट प्रबंधक प्रभुलाल धाकड़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रात के समय सुरक्षा गार्ड नियमित गश्त करने के बाद अपने क्वार्टर में चला गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश प्लांट परिसर में दाखिल हुए और बड़ी मात्रा में कॉपर केबल काटकर फरार हो गए।
सुबह प्लांट का निरीक्षण करने पर केबल गायब मिली, जिसके बाद चोरी की वारदात का पता चला। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर प्रभुलाल धाकड़ ने बिजोलिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उन्होंने पहले कॉपर केबल चोरी की और इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए, ताकि घटना की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ न लग सके।
बिजोलिया थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
