बिजोलिया के सोलर प्लांट में ₹5 लाख की कॉपर केबल चोरी, सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ ले गए बदमाश
भीलवाड़ा के बिजोलिया स्थित सोलर प्लांट से ₹5 लाख की कॉपर डीसी केबल चोरी हो गई। बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए, पुलिस जांच में जुटी है।

भीलवाड़ा के बिजोलिया थाना क्षेत्र के आंट गांव स्थित एक सोलर प्लांट में अज्ञात बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश प्लांट से करीब 5,000 मीटर कॉपर डीसी केबल काटकर ले गए, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5 लाख बताई जा रही है। वारदात के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
प्लांट प्रबंधक प्रभुलाल धाकड़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रात के समय सुरक्षा गार्ड नियमित गश्त करने के बाद अपने क्वार्टर में चला गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश प्लांट परिसर में दाखिल हुए और बड़ी मात्रा में कॉपर डीसी केबल काटकर फरार हो गए। सुबह निरीक्षण के दौरान केबल गायब मिलने पर चोरी की जानकारी सामने आई। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर बिजोलिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उन्होंने पहले कॉपर केबल चोरी की और इसके बाद घटना की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ न लग सके, इसके लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
बिजोलिया थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले जाने से यह वारदात पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बन गई है और जांच कई पहलुओं पर आगे बढ़ाई जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
