भीलवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: वैन-बाइक की टक्कर में युवक और एक वर्षीय मासूम की मौत, दो महिलाएं गंभीर
भीलवाड़ा के बिजौलिया क्षेत्र में तेज रफ्तार वैन और बाइक की भीषण टक्कर में युवक और एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस जांच में जुटी है।

भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र स्थित सलावटिया गांव में सोमवार को राजकीय स्कूल के सामने तेज रफ्तार मारुति वैन और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक और उसकी गोद में बैठी एक वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाला संतोष मीणा (24) मध्य प्रदेश के धार जिले में जेसीबी चलाने का काम करता था। वह सोमवार को अपनी मेहनत की कमाई लेकर मध्य प्रदेश से तिलस्वां होते हुए अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में तिलस्वां में उसे कुछ परिचित महिलाएं मिलीं, जिन्हें उसने इंसानियत के नाते अपनी बाइक पर लिफ्ट दे दी। हालांकि यह सफर कुछ ही देर बाद दर्दनाक हादसे में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक सलावटिया गांव के सरकारी स्कूल के सामने पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही मारुति वैन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। हादसे में संतोष मीणा और अपनी मां की गोद में बैठी एक वर्षीय मासूम दिव्यांशी पुत्री नंदलाल भील की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
हादसे में बाइक पर सवार सजना भील (25) और प्रियंका भील गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिजौलिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। तेज रफ्तार वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
