भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया थाना क्षेत्र के राणा जी का गुड्डा गांव में रविवार अल सुबह हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में सो रही बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर उनके कानों से सोने के टॉप्स खींच लिए, जिससे उनका कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के जब पूरा परिवार घर में सो रहा था, उसी दौरान दो हथियारबंद नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि कोई बाहर नहीं आ सके और शोर होने पर मदद न मिल पाए।

इसके बाद बदमाश बुजुर्ग महिला के कमरे में पहुंचे और हथियारों के बल पर उन्हें डराया-धमकाया। बदमाशों ने महिला के कानों में पहने करीब आधा तोला सोने के टॉप्स झपट्टा मारकर खींच लिए। टॉप्स खींचने के दौरान महिला का कान बुरी तरह कट गया और वह लहूलुहान होकर घायल हो गईं।

बदमाशों ने घर की अलमारी में रखी करीब ₹5,000 की नकदी भी लूट ली और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बिजोलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घायल बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, क्षेत्र में नाकाबंदी करवाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

ग्रामीण क्षेत्र में हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों द्वारा की गई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story