बुधवार को नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण में भीलवाड़ा नगर निगम और बिगोद नगरपालिका में मतदान होगा। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान कराने के लिए मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। तिलकनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों की रवानगी हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर पीठासीन अधिकारियों, मतदान दलों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश, मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, चुनावी प्रोटोकॉल और मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। चुनाव पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मतदान संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में चुनाव होंगे, जहां 277 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए 265 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 30 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में करीब 2 लाख 96 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रथम चरण में जिले की बिगोद नगरपालिका के 25 वार्डों में भी मतदान होगा। यहां 83 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए 25 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 13 हजार मतदाता मतदान करेंगे। इस तरह भीलवाड़ा नगर निगम और बिगोद नगरपालिका के चुनाव में कुल 360 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।

निर्वाचन कार्यालय की ओर से राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनाव संबंधी आवश्यक सामग्री एवं प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। मतदान दलों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी नियमों और प्रोटोकॉल की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने बुधवार को मतदान वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान केंद्र पहुंचने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने की अपील की है।

प्रशासन के अनुसार सुरक्षा और मतदान व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान दलों की रवानगी के साथ ही प्रथम चरण के नगरीय निकाय चुनाव के लिए चुनावी मैदान पूरी तरह तैयार हो गया है। बुधवार को होने वाला मतदान प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य के साथ-साथ भीलवाड़ा और बिगोद के स्थानीय निकायों की नई तस्वीर तय करेगा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story