भीलवाड़ा जिले के बदनौर थाना क्षेत्र स्थित भोजपुरा गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम देते हुए करीब 45 तोला सोने के गहने, 2 किलो चांदी के जेवर और 60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह घटना का खुलासा होने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर बदनोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भोजपुरा गांव निवासी प्रभुलाल मेवाड़ा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि देर रात चोर घर के पिछवाड़े लगी लोहे की जाली तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी समेटकर फरार हो गए। सुबह परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। यह देख परिवार के होश उड़ गए और तुरंत बदनोर पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक जय सिंह मसूदा और सीआई अनिल कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं साक्ष्य जुटाने के लिए अजमेर और ब्यावर से विशेष फॉरेंसिक टीम तथा एमओबी (मोबाइल क्राइम यूनिट) को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं।

जानकारी के अनुसार पीड़ित प्रभुलाल मेवाड़ा के पुत्र सुनील और राकेश मेवाड़ा चेन्नई में इलेक्ट्रॉनिक और हार्डवेयर का व्यवसाय करते हैं, जबकि गांव में प्रभुलाल अपनी पत्नी, पोती और दोहिती के साथ रहते हैं। मामले में एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर चोरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story