भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा, भीलवाड़ा द्वारा आयोजित बाल एवं युवा संस्कार शिविर का शुभारंभ आज कुडोज़ किड्स स्कूल, गायत्री नगर, पुदवारी रोड, पुलिस लाइन, भीलवाड़ा में उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर में 5 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर के प्रथम दिन प्रतिभागी बच्चों को परिचय, अनुशासन एवं संस्कारों के महत्व से अवगत कराया गया तथा विभिन्न प्रेरणादायक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान किया गया। प्रथम दिवस बच्चों ने योगाभ्यास, खेल एवं प्रेरणादायक गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।

शाखा अध्यक्ष कमलेश बोड़ाना ने बताया कि भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना भी है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में बच्चों को संस्कारवान बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और यह शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

महिला संयोजिका वर्षा मित्तल ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन प्रार्थना, योग-व्यायाम, खेल, प्रेरक कहानियाँ, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों का समावेश किया गया है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से शिविर में भेजने का आग्रह किया।

कार्यक्रम प्रभारी सुशीला कोठारी ने बताया कि सात दिवसीय शिविर में बच्चों को अच्छे संस्कार, देशभक्ति, स्वच्छता, डिजिटल जागरूकता, आत्मविश्वास विकास एवं नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह शिविर बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त मंच है।

शिविर के आयोजन को लेकर पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा ने अधिकाधिक अभिभावकों से अपने बच्चों को इस संस्कारमय अभियान से जोड़ने का आह्वान किया है, ताकि “संस्कारवान बालक, सशक्त समाज एवं समृद्ध राष्ट्र” के संकल्प को साकार किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story