भीलवाड़ा: भारत विकास परिषद की सातों शाखाओं का सामूहिक शपथ ग्रहण संपन्न
माहेश्वरी भवन में आयोजित समारोह में शहर की सातों शाखाओं के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ पदभार ग्रहण किया।

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद की सेवा और संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शहर की सभी सात शाखाओं का 'सामूहिक दायित्व ग्रहण' समारोह रविवार को कोटा रोड स्थित माहेश्वरी भवन में भव्यता एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवमयी आयोजन में विवेकानंद, प्रताप, सुभाष, आजाद, वीर शिवाजी, मीरा और भगत सिंह शाखा के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने एक साथ अपने सेवा संकल्प की शपथ ग्रहण कर समाज सेवा के प्रकल्पों को नई गति देने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमाणी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रीजनल संयोजक (संपर्क) कमल किशोर व्यास ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके उत्तरदायित्वों का बोध कराते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में पी.एम. बेसवाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। नगर समन्वयक रजनीकांत आचार्य एवं श्याम कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सामूहिक शपथ ग्रहण के दौरान विवेकानंद शाखा से अध्यक्ष पद पर गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी एवं कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंहका ने विधिवत कार्यभार संभाला। प्रताप शाखा का नेतृत्व अध्यक्ष पंकज लोहिया, सचिव कैलाश शर्मा और कोषाध्यक्ष सुरेश रावल को सौंपा गया। इसी क्रम में सुभाष शाखा की कमान अध्यक्ष आभा मिश्रा, सचिव सतीश बोहरा और कोषाध्यक्ष हरिप्रसाद राठी ने थामी। वीर शिवाजी शाखा से अध्यक्ष कमलेश बडाना, सचिव पंकज अग्रवाल और कोषाध्यक्ष दीपक चोरड़िया ने अपने दायित्वों की शपथ ली। वहीं मीरा शाखा से स्नेहलता तोष्णीवाल, भगत सिंह शाखा से कुलदीप माथुर और आजाद शाखा से अध्यक्ष विनीत शर्मा व सचिव मुकेश छीपा ने राष्ट्र सेवा और संगठन की मजबूती का संकल्प दोहराया।
प्रांतीय अध्यक्ष सोमाणी ने अपने संबोधन में बल देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद निरंतर संस्कार और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के पवित्र यज्ञ में जुटी है और भीलवाड़ा की इस नई ऊर्जावान टीम के आगमन से सेवा कार्यों को अभूतपूर्व विस्तार मिलेगा। इस अवसर पर केंद्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय स्तर के वरिष्ठ दायित्वधारियों ने भी उपस्थित रहकर नई टीम का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर नगर समन्वयक श्याम कुमावत ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
