भीलवाड़ा में होटल के बाहर खड़ी ब्रेजा कार से 60.930 किलो डोडा पोस्त बरामद, जोधपुर का तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा के बदनोर थाना क्षेत्र में सबलसागर स्थित श्री देव कृपा होटल के बाहर खड़ी ब्रेजा कार से 60.930 किलो डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने जोधपुर निवासी कैलाश को गिरफ्तार कर कार जब्त की और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू की।

भीलवाड़ा के बदनोर थाना क्षेत्र में सबलसागर सरहद पर होटल के पास खड़ी कार से बरामद 60.930 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त के कट्टों के साथ तैनात पुलिसकर्मी।
भीलवाड़ा जिले के बदनोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सबलसागर सरहद में एक होटल-रेस्टोरेंट के सामने खड़ी ब्रेजा कार से 60.930 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से जोधपुर निवासी 32 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर सबलसागर सरहद स्थित श्री देव कृपा होटल एवं रेस्टोरेंट के सामने खड़ी ब्रेजा कार की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। कार जोधपुर परिवहन विभाग में पंजीकृत थी और लावारिस हालत में खड़ी थी। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे तीन प्लास्टिक के कट्टों से कुल 60.930 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान कैलाश (32) पुत्र बुधाराम विश्नौई, निवासी धतरवालों की ढाणी, भाखरासनीसनी (मोगड़ा), थाना विवेक विहार, जिला जोधपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने बदनोर थाने में आरोपी के खिलाफ एक्ट की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस बरामद डोडा पोस्त के स्रोत और उसकी आपूर्ति से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लायरों तक पहुंचने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
