भीलवाड़ा जिले के बदनोर थाना क्षेत्र के बिच्छुदड़ा गांव में उपसरपंच चुनाव के दौरान पुलिस और पोलिंग पार्टी पर हुए जानलेवा हमले, आगजनी और पथराव की घटना के बाद अब पुलिस कार्रवाई का असर दिखाई देने लगा है। गिरफ्तारी के डर से नामजद आरोपी गांव छोड़कर भूमिगत हो गए हैं। हालात यह हैं कि कई आरोपियों के घरों पर ताले लटके हैं और उनके परिवारों के पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी गांव से गायब हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हमलावरों की तलाश में जुटी है।

घटना के बाद बदनोर थाना पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महावीर सिंह पुत्र पूरण सिंह रावत और लक्ष्मण सिंह पुत्र लादूसिंह निवासी बिच्छुदड़ा, सीताराम पुत्र उदयसिंह रावत निवासी रामगढ़ तथा सुरेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी हनोतिया शामिल हैं। चारों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एक अहम तथ्य सामने आया है। शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार महावीर सिंह का नाम पुलिस की मुख्य एफआईआर में भी शामिल है। इसके बावजूद बदनोर थानाधिकारी शम्भूदयाल की रिपोर्ट पर दर्ज हत्या के प्रयास के मुख्य मुकदमे में अभी तक उसकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं दर्शाई गई है। मुख्य प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार बना हुआ है।

दरअसल, 17 नवंबर 2026 को पंचायती राज के उपसरपंच चुनाव के दौरान बिच्छुदड़ा गांव में हिंसा भड़क गई थी। पुनर्मतगणना की मांग को लेकर उग्र हुई भीड़ ने जोनल मजिस्ट्रेट सुनील कुमार खाडिया और पोलिंग पार्टी के वाहनों का रास्ता रोकने के लिए सड़क पर कांटे और पत्थर बिछा दिए थे। घटना की सूचना मिलने पर मसूदा डीएसपी शिवराज सिंह, चुनाव सुपरवाइजर अधिकारी अनिल पंवार (आरपीएस), बदनोर थानाधिकारी शम्भूदयाल मीणा और बार थानाधिकारी समजिदा बानो भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे थे।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति शांत होने के बजाय और बिगड़ गई। उपद्रवियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगी पानी की टंकियां तोड़ दीं और चुनाव के लिए लगाए गए टेंट में आग लगा दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर चारों तरफ से पथराव किया गया। हमले में मसूदा डीएसपी की सरकारी बोलेरो और चुनाव सुपरवाइजर की इनोवा गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

हिंसक भीड़ से जान बचाने के लिए चार पुलिसकर्मियों ने स्कूल के सामने स्थित श्रवण पुत्र मानाराम के मकान में बने बाथरूम में छिपकर अंदर से कुंडी लगा ली थी। लेकिन हमलावर मकान में घुस गए और लोहे के सरिये से बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद चारों जवानों को बाहर खींचकर लाठियों से बेरहमी से पीटा गया।

घटना की जानकारी मिलने पर थानाधिकारी शम्भूदयाल मीणा, डीएसपी शिवराज सिंह और अनिल पंवार अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घायल जवानों को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। इस हमले में दो महिला कांस्टेबल सहित कुल आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

बदनोर थानाधिकारी शम्भूदयाल मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने 13 पुरुषों और 8 महिलाओं सहित कुल 21 नामजद आरोपियों तथा अन्य उपद्रवियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 109 बीएनएस), बलवा, राजकार्य में बाधा और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच बिजयनगर थानाधिकारी राजवीर सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस जिन नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है, उनमें बाबू सिंह, पप्पू सिंह, गोपाल सिंह, चेतन सिंह, कालूसिंह, सुनील सिंह, हेमसिंह, गोपाल सिंह, त्रिलोक सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ भोला, रामूसिंह, भंवर सिंह, कविता, आरती कंवर, रामू देवी, सोना देवी, लीला, पुन्नी, तुलसी देवी और नैनी देवी शामिल हैं। इनके अलावा अन्य उपद्रवियों की भी तलाश की जा रही है।

आठ पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले, आगजनी और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के इस मामले में अब तक चार गिरफ्तारियां शांतिभंग के तहत हुई हैं, जबकि मुख्य मुकदमे में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। पुलिस की लगातार दबिशों के बीच गांव में आरोपियों के घरों पर लटके ताले और परिवारों का गायब होना घटना के बाद बने तनावपूर्ण हालात को दर्शा रहा है। अब मुख्य प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story