भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी में बाइक सवार बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे भीड़भाड़ वाले चौराहों पर भी महिलाओं को निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। शहर के व्यस्ततम बड़ला चौराहे पर दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक स्कूटी सवार महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और विरोध करने पर उसकी 10 साल की मासूम बेटी को भी चोटिल कर दिया।

मासूम की चेन पर भी मारा झपट्टा और धक्का लगने से आई चोट

शास्त्री नगर निवासी श्वेता जैन अपनी 10 साल की बेटी के साथ स्कूटी पर बाजार जा रही थीं। जैसे ही वे बड़ला चौराहा नाले के पास पहुंचीं, पीछे से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने चलती स्कूटी पर श्वेता के गले पर झपट्टा मारा और करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चेन तोड़ ली। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने पीछे बैठी मासूम बच्ची के गले की चेन भी खींचने की कोशिश की। इस खींचतान में बच्ची के पेट पर चोट आई, लेकिन उसकी चेन टूटने से बच गई।

चीखती रही महिला और रफूचक्कर हुए बदमाश

अचानक हुए इस हमले से श्वेता बुरी तरह घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाकर लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन जब तक राहगीर और स्थानीय लोग जमा होते, शातिर लुटेरे अपनी बाइक पर तेजी से फरार हो चुके थे। पीडि़ता ने बताया कि "सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।"

पुलिस की सुस्त चाल से महिलाओं में बढ़ा खौफ

शहर में चेन स्नेचिंग की यह कोई पहली वारदात नहीं है। कुछ दिन पहले ही कोतवाली थाना क्षेत्र के अति व्यस्त नागौरी गार्डन में भी ऐसी ही लूट हुई थी। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि "पुलिस की गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसके कारण महिलाएं अकेले घर से निकलने में खौफ खा रही हैं।"

नाकाबंदी का दावा मगर पुलिस के हाथ अब भी खाली

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़ता के बयान दर्ज किए। कोतवाल शिवराज ने बताया कि "बदमाशों को पकडऩे के लिए शहर के प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी करवाई गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।" फिलहाल, अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story