भीलवाड़ा में बिजली विभाग की लापरवाही पर प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
भीलवाड़ा के बड़ी हरणी में तेजाजी मंदिर के पास बिजली के खंभे में करीब एक घंटे तक आग और स्पार्किंग से दहशत फैल गई। दर्जनों घरों के उपकरण जले, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुआवजे और कार्रवाई की मांग की।

तस्वीर में भीलवाड़ा के बड़ी हरणी क्षेत्र में विद्युत पोल पर स्पार्किंग की घटना के बाद गली में एकत्र हुए स्थानीय नागरिक दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा। वार्ड नंबर 26 के बड़ी हरणी क्षेत्र में विद्युत विभाग और सिक्योर कंपनी की कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सामने आया है। मंगलवार रात तेजाजी मंदिर के पास विद्युत खंभे में तेज स्पार्किंग के साथ आग लग गई। करीब एक घंटे तक आग की लपटें निकलती रहीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:05 बजे तेजाजी मंदिर के पास स्थित विद्युत खंभे में अचानक तेज स्पार्किंग के साथ भीषण आग लग गई। आग करीब 7:45 बजे तक धधकती रही। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कंट्रोल रूम पर बार-बार फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने और तकनीकी दल या दमकल भेजने की मांग की, लेकिन समय पर कोई नहीं पहुंचा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फॉल्ट और हाई-वोल्टेज स्पार्किंग के कारण क्षेत्र के दर्जनों घरों में महंगे घरेलू उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें टीवी, फ्रिज, पंखे, कूलर और पानी की मोटरें शामिल हैं, जो जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में विद्युत विभाग और सिक्योर कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।
मामले को लेकर पार्षद शंकरलाल जाट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि विद्युत विभाग, सिक्योर कंपनी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से नुकसान का सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित परिवारों को उनके नुकसान का पूरा मुआवजा तुरंत दिया जाए।
ग्रामीणों ने सूचना मिलने के बावजूद करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद नहीं करने और मौके पर देरी से पहुंचने वाले अधिकारियों व कर्मियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही क्षेत्र की पुरानी और जर्जर विद्युत लाइनों, इंसुलेटरों और खंभों की तकनीकी ऑडिट कराने की मांग रखी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पार्षद शंकरलाल जाट ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो क्षेत्रवासी सिक्योर कंपनी और प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन और धरना देने के लिए विवश होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। घटना के बाद विद्युत सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों का विरोध तेज हो गया है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
