भीलवाड़ा: श्री बाबाधाम में नवरात्रि की तैयारियां तेज, घट स्थापना और गरबा का शेड्यूल जारी
मेवाड़ शक्तिपीठ में प्रथम दिन दोपहर 12:15 बजे घट स्थापना होगी, श्रद्धालुओं के लिए महाआरती और गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

तस्वीर में भीलवाड़ा के श्री बाबाधाम में नवरात्रि के लिए पीले और नारंगी टेंट से पंडाल सजाया जा रहा है।
भीलवाड़ा। मेवाड़ की पवित्र शक्तिपीठ श्री बाबाधाम पर नवरात्रि महोत्सव को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। भक्तों के दर्शन, महाआरती और गरबा नृत्य में भागीदारी को व्यवस्थित बनाने के लिए श्री बाबाधाम परिवार के सेवादारों ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन माताजी का अलग-अलग विशेष श्रृंगार किया जाएगा। महाआरती में श्रद्धालु मां का आशीर्वाद लेकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करेंगे।
नवरात्रि के प्रथम दिन सुबह 10.15 बजे हवन-पूजन और दोपहर 12.15 बजे धूमधाम से घट स्थापना की जाएगी। इस दौरान सुबह से ही माताजी के दरबार में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जिन भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, वे मां के जयकारे लगाते हुए पैदल श्री बाबाधाम पहुंचते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही के बीच उन्हें मां की चुनरी ओढ़ाकर फल-प्रसाद दिया जाएगा।
श्री बाबाधाम के मीडिया प्रभारी एवं गरबा प्रभारी राजेश नैनावटी ने बताया कि अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित नवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 7.15 बजे आरती होगी। इसके बाद सुबह 9.15 बजे हवन-पूजन किया जाएगा। दिन में मां के दरबार में भजन-कीर्तन होंगे। शाम 7.15 बजे महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसके बाद गरबा नृत्य का आयोजन होगा।
गरबा महोत्सव में प्रतिदिन प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। गरबा नृत्य के लिए अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि विभिन्न वर्गों के प्रतिभागी इसमें भाग ले सकें।
श्री बाबाधाम अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने बताया कि नवरात्रि में संध्याकालीन आरती के बाद प्रत्येक भक्त को मां अन्नपूर्णा देवी और बाबा के समक्ष प्रार्थना करने का सीधा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर सकेंगे। अध्यक्ष ने सभी धर्मप्रेमियों से श्री बाबाधाम पहुंचकर धर्मलाभ लेने और नवरात्रि महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
