भीलवाड़ा के बाल गायक औनिक जैन ने JITO आगाज़ 4.0 राष्ट्रीय संगीत प्रतियोगिता जीती
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं के छात्र औनिक जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर भीलवाड़ा का नाम रोशन किया।

भीलवाड़ा विधायक कार्यालय में विधायक अशोक कुमार कोठारी (बाएं से दूसरे) राष्ट्रीय संगीत प्रतियोगिता 'आगाज़ 4.0' के विजेता मास्टर औनिक जैन (ट्रॉफ़ी के साथ) का अभिनंदन करते हुए। इस दौरान औनिक के माता-पिता पंकज जैन (बाएं) व प्रिया जैन (दाएं) तथा दादी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित संगीत प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के बाल गायक मास्टर औनिक जैन ने अपनी मधुर और सधी हुई गायिकी से प्रथम स्थान प्राप्त कर शहर और राजस्थान का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) नॉर्थ दिल्ली चैप्टर द्वारा आयोजित “आगाज़ 4.0” राष्ट्रीय संगीत प्रतियोगिता में औनिक जैन ने निर्णायक प्रस्तुति देकर खिताब अपने नाम किया।
यह प्रतियोगिता देशभर के 15 शहरों में विभिन्न चरणों में आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 3000 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रारंभिक चयन से लेकर अंतिम चरण तक मास्टर औनिक जैन ने अपनी उत्कृष्ट गायिकी से निर्णायकों और श्रोताओं को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में देश के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कुमार शानू, साधना सरगम, तुलसी कुमार एवं संजय विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विजेता मास्टर औनिक जैन, पंकज जैन एवं प्रिया जैन के सुपुत्र हैं तथा वर्तमान में ब्रिटी स्कूल, भीलवाड़ा की कक्षा सातवीं में अध्ययनरत हैं। वे पिछले कई वर्षों से शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथा टी-सीरीज अकादमी में भी संगीत शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
औनिक जैन ने अपनी इस सफलता का श्रेय जगत पूज्य गुरुदेव सुधा सागर जी महाराज के आशीर्वाद, अपने संगीत गुरु विद्या शंकर किन्नरिया तथा टी-सीरीज अकादमी के गुरुजनों को दिया। प्रतियोगिता में उन्हें स्वर्णिम ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख रुपये नकद सम्मान राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपने कार्यालय पर मास्टर औनिक जैन का अभिनंदन किया और उन्हें शुभाशीष प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं। विधायक कोठारी ने कहा कि औनिक की यह उपलब्धि न केवल भीलवाड़ा बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है तथा उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में संगीत जगत में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।
शहरवासियों एवं संगीत प्रेमियों ने भी मास्टर औनिक जैन की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। यह सफलता भीलवाड़ा के सांस्कृतिक और संगीत क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
