भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-158 पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। ब्राह्मणों की सरेरी के पास हुई इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान कमलेश कुमार बलाई (45 निवासी पालड़ी), भूरा उर्फ निजाम खान (बिहार) और बृजेश सहनी (29, निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। तीनों भीलवाड़ा में कैटरिंग का काम करते थे। मंगलवार रात भी वे किसी शादी या कार्यक्रम में कार्य करने के बाद देर रात करीब 2:30 बजे एक ही बाइक से पालड़ी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलेश कुमार बलाई और भूरा उर्फ निजाम खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बृजेश सहनी को भीलवाड़ा अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही अंतिम सांस ली।

दुर्घटना की प्रारंभिक वजह हाईवे पर पुलिया के पास बने गहरे गड्ढे को बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कार चालक गड्ढे से वाहन को बचाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार बेकाबू हो गई और सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया के पास लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों में इसी स्थान पर 10 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसींद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह हादसा एक बार फिर सड़क की खराब स्थिति और उससे जुड़े सुरक्षा संबंधी गंभीर सवालों को सामने लेकर आया है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story