भीलवाड़ा की समृद्ध कला परंपरा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए स्थानीय आकृति कला संस्थान के तीन होनहार युवा कलाकारों का चयन राज्य स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित कला प्रदर्शनी के लिए किया गया है। उदयपुर की प्रतिष्ठित कला संस्था ’टखमण-28’ द्वारा आयोजित ’एल.एल. वर्मा स्मृति तृतीय राज्य कला प्रदर्शनी’ में भीलवाड़ा के इन कलाकारों की कलाकृतियाँ प्रदर्शित की जाएंगी।

संस्था सचिव कैलाश पालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार तीन वर्षों से आयोजित यह प्रदर्शनी इस बार कला जगत में विशेष उत्साह एवं व्यापक सहभागिता के साथ सामने आई है। राजस्थान के लगभग प्रत्येक जिले के कला महाविद्यालयों और कला संस्थाओं से विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मक कलाकृतियाँ प्रस्तुत कीं। इस वर्ष प्रदर्शनी के लिए करीब 400 प्रवृष्टियाँ प्राप्त हुईं। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने हेतु इसे दो चरणों में संपन्न किया गया। तीन सदस्यीय जूरी पैनल ने सभी कलाकृतियों का मूल्यांकन करने के बाद 115 छात्र कलाकारों की कृतियों को प्रदर्शनी के लिए चयनित किया।

चयनित कलाकारों में भीलवाड़ा की अन्नु प्रजापत की कलाकृति ’अनटाइटल्ड-2’, अनुष्का पाराशर की तीन उत्कृष्ट कृतियाँ ’अनटाइटल्ड-1, अनटाइटल्ड-2 और अनटाइटल्ड-3’, तथा शांतिलाल प्रजापत की विशिष्ट रचना ’मूड ऑफ आर्टिस्ट-2’ को निर्णायक मंडल द्वारा राज्य कला प्रदर्शनी के लिए चुना गया है। इस प्रदर्शनी में चित्रकला, मूर्तिकला, प्रिंट मेकिंग, मिक्स मीडिया तथा समकालीन कला की विविध कलाकृतियाँ प्रदर्शित की जाएंगी।

यह राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित प्रदर्शनी 26 मई से 31 मई, 2026 तक उदयपुर स्थित टखमण-28 आर्ट गैलरी (कला दीर्घा) में आयोजित की जाएगी। प्रदेशभर के चुनिंदा कलाकारों के बीच भीलवाड़ा के इन युवा कलाकारों की कृतियों का प्रदर्शन शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

भीलवाड़ा के कलाकारों की इस सफलता पर आकृति कला संस्थान के सदस्यों सहित स्थानीय कला प्रेमियों, वरिष्ठ चित्रकारों और साहित्यकारों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सचिव कैलाश पालिया ने कहा कि ऐसे मंच युवा कलाकारों के उत्साहवर्धन के साथ उन्हें अपनी मौलिक सोच को बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी सृजनात्मक प्रतिभा को नई दिशा मिलती है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story