भीलवाड़ा: ANTF और तस्करों के बीच पीछा, हमले में युवक घायल
एंटी नारकोटिक्स फोर्स का 150 किमी पीछा, पुलिस समझकर तस्करों ने युवक की गाड़ी पर किया हमला, पीड़ित रेफर।

भीलवाड़ा जिले में बीती रात एंटी नारकोटिक्स फोर्स (ANTF) और नशा तस्करों के बीच फिल्मी स्टाइल में हाई-स्पीड चेज का मामला सामने आया है। दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी को धता बताते हुए 150 किलोमीटर तक भागकर आतंक मचाया। इस दौरान तस्करों ने बागोर थाना क्षेत्र में एक खड़े वाहन को पुलिस का मुखबिर समझकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक युवक की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटनाक्रम के अनुसार, ANTF को पक्की सूचना मिली थी कि दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में भारी मात्रा में डोडा-चूरा ले जाया जा रहा है। टीम ने हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर तस्करों को दबोचने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर घेराबंदी तोड़कर फरार हो गए। इसके बाद ANTF की टीम ने पीछा शुरू किया, जो राजसमंद जिले के भीम थाना इलाके तक करीब 150 किलोमीटर तक जारी रहा। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए हाईवे के बजाय गांवों के कच्चे-पक्के रास्तों का सहारा लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
इसी दौरान बागोर थाना इलाके में 200 फीट रोड स्थित वाटर पार्क के पास राजवीर शर्मा अपने तीन दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठा बातचीत कर रहा था। वहां से गुजर रहे तस्करों ने राजवीर की गाड़ी को पुलिस या मुखबिरों की समझ लिया और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया, जिसके नुकीले टुकड़े सीधे राजवीर शर्मा की आंख में जा घुसे। पीड़ित पक्ष ने फायरिंग की आशंका भी जताई है। खून से लथपथ राजवीर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया।
इस खूनी वारदात के बाद कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरत की बात यह है कि ANTF द्वारा 150 किलोमीटर तक पीछा किए जाने और एक युवक के गंभीर घायल होने के बावजूद बागोर थाना पुलिस इस घटना से पल्ला झाड़ रही है। पुलिस का कहना है कि उनके क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस का इस गंभीर वारदात से इनकार करना उनकी कार्यप्रणाली और नाकामी पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
