भीलवाड़ा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बीगोद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6 किलो 309 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव हरिसिंहजी का खेड़ा में एक बाइक पर तीन संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इनमें से दो आरोपी रात के अंधेरे और आसपास के खेतों-जंगलों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

इसके बाद एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया। बाइक की सीट के पीछे बंधे पीले रंग के प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली गई। कट्टे से 6 किलो 309 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से राजू (27) पुत्र देवकिशन सुथार, निवासी पुराने थाने के पास काछोला, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस (जयपुर) शरत कविराज ने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल टीम को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। कार्रवाई में गांजे की बड़ी खेप बरामद होने के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी और तस्करी में प्रयुक्त बाइक की जब्ती की गई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story