भीलवाड़ा के पुष्टिमार्गीय श्री आनंदधाम हवेली मंदिर में श्रावण मास के दौरान ठाकुरजी के लिए प्रसिद्ध हिंडोला और झूला मनोरथों का आयोजन 30 जुलाई से शुरू होगा। एक माह तक चलने वाले इस सावन महोत्सव का समापन 31 अगस्त को हिंडोला विजय के साथ होगा। मंदिर में उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

मंदिर ट्रस्टी सुमन राजेंद्र बाहेती ने बताया कि पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ श्री द्वारकाधीश मंदिर कांकरोली के पीठाधीश्वर डॉ. वागीशकुमार महाराज की आज्ञानुसार प्रतिदिन प्रभु श्रीनाथजी, श्री द्वारकाधीश व लालन का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान ठाकुरजी को अलग-अलग प्रकार के विशेष, कलात्मक और बहुमूल्य हिंडोलों में झुलाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को विविध स्वरूपों के अलौकिक दर्शन प्राप्त होंगे।

उन्होंने बताया कि पुष्टिमार्ग में श्रावण मास के दौरान ठाकुरजी को गर्मी से राहत और शीतलता प्रदान करने के भाव से हिंडोला उत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर विविध प्रकार के कपड़ों, फूलों, रत्नों और धातुओं से बने झूलों में प्रभु को विराजमान किया जाता है। जब पूरे मंदिर परिसर, वस्त्रों और साज-सज्जा को एक ही रंग के भाव में सजाया जाता है, तो उसे घटा कहा जाता है। यह प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों और बादलों का प्रतीक माना जाता है। एक माह तक चलने वाले इस उत्सव को लेकर भीलवाड़ा के भक्तों में खासा उत्साह है।

उत्सव के तहत 31 जुलाई को सुरंग का हिंडोला, 1 अगस्त को चांदी का, 2 अगस्त को सफेद मखमल, 3 अगस्त को जरदौजी, 4 अगस्त को लाल घटा में जरदौजी का, 5 अगस्त को केसरी घटा में केसरी, 6 अगस्त को पचरंगी लहरिया का, 7 अगस्त को कांच का, 8 अगस्त को बंगला के साथ लाल मोतियों का, 9 अगस्त को मचकी का तथा 10 अगस्त को सप्त रंगी साज का हिंडोला सजाया जाएगा।

इसके बाद 11 अगस्त को हरिघटा में हरा, 12 अगस्त को रंग-बिरंगे पुष्पों का, 13 अगस्त को सब्जियों का, 14 अगस्त को यमुना घाट पर चूंदड़ी का, 15 अगस्त को पानी का, 16 अगस्त को श्याम घटा में श्याम का, 17 अगस्त को आसमानी घटा का, 18 अगस्त को सुनहरी घटा में सुनहरी, 19 अगस्त को गुलाबी घटा में गुलाबी, 20 अगस्त को बगीचे में मोर पंख का, 21 अगस्त को बगीचे में कमल का, 22 व 23 अगस्त को सूखे मेवे का, 24 अगस्त को पवित्रा का, 25 अगस्त को फलों का, 26 अगस्त को मचकी का, 27 अगस्त को शरद रास में तीन हिंदौरा, 28 अगस्त को राखी, 29 अगस्त को सावन भादो का और 30 अगस्त को किकोड़ा का हिंडोला सजाया जाएगा। 31 अगस्त को हिंडोला विजय के साथ एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव का समापन होगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story