भीलवाड़ा: डॉ. अम्बेडकर जयंती पर भव्य रैली, हजारों अनुयायियों ने किया शक्ति प्रदर्शन
अम्बेडकर विचार मंच के नेतृत्व में सांगानेरी गेट से अम्बेडकर सर्किल तक निकाली गई विशाल रैली, नीले झंडों और झांकियों से सराबोर हुआ पूरा शहर।

संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल रैली और गरिमामयी आमसभा का आयोजन किया गया। अम्बेडकर विचार मंच के अध्यक्ष प्यारेलाल खोईवाल के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य रैली का शुभारंभ सांगानेरी गेट स्थित झलकारी बाई सर्कल से हुआ। यहाँ से शुरू होकर जनसमूह धानमंडी, बड़ा मंदिर, महाराणा टॉकीज, सूचना केंद्र और गोल प्याऊ चौराहा होते हुए सरकारी दरवाजा पहुँचा। रैली का समापन डॉ. अम्बेडकर सर्किल पर हुआ, जहाँ अनुयायियों ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिसके पश्चात यह रैली एक विशाल आमसभा में परिवर्तित हो गई।
अम्बेडकर विचार मंच के महासचिव मोतीलाल सिंघानिया ने कार्यक्रम की भव्यता का विवरण देते हुए बताया कि रैली का दृश्य अत्यंत अनूठा और ऐतिहासिक था। रैली के अग्रिम भाग में घोड़ों पर सवार महिलाएँ नेतृत्व कर रही थीं। इस विशाल जुलूस में घोड़ागाड़ी, बग्गी, मसक बैंड और विभिन्न आकर्षक झांकियाँ शामिल थीं। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों अनुयायी हाथों में नीले झंडे थामे, डीजे की धुन पर नाचते हुए और गगनभेदी नारेबाजी करते हुए पैदल चल रहे थे। सूचना केंद्र चौराहे पर भव्य आतिशबाजी की गई और नीले पटाखों के धुएँ से समूचा वातावरण बाबासाहेब के रंग में सराबोर नजर आया।
मंच के सचिव पंकज डिडवानिया ने बताया कि इस आयोजन में जिले के बुद्धिजीवी, युवा, बेरोजगार, महिलाएँ, मजदूर, किसान, कर्मचारी और अधिकारी सहित समाज के हर वर्ग ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अनुयायियों के जोश का आलम यह था कि पूरा शहर नीली पताकाओं से पट गया और कई बच्चे व महिलाएँ स्वयं को बाबासाहेब के प्रेम में नीले रंग में रंगे हुए थे। हीरालाल बैरवा के अनुसार, मार्ग में जगह-जगह जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर और साफा-माला पहनाकर रैली का भव्य स्वागत किया गया। आमसभा के दौरान वक्ताओं ने बाबासाहेब के जीवन दर्शन और वर्तमान परिस्थितियों पर प्रकाश डाला, जिसमें सामाजिक एकता, संविधान की रक्षा और शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर प्यारेलाल खोईवाल, मोतीलाल सिंघानिया, पंकज डीडवानिया, हीरालाल बैरवा, रामेश्वर बैरवा, शैलेंद्र डीडवानिया, नाथूलाल डीडवानिया, अनिता पहाड़िया, एडवोकेट दिनेश खटीक, एडवोकेट सुशीला बैरवा, जगदीश खटीक, लालाराम रेगर, सुभाष खोईवाल, एडवोकेट श्याम मल्होत्रा, डॉ. श्यामसुन्दर बैरवा, शंभूलाल धोबी, रोहित मेहरा, रेखा डिडवानिया, विनोद बुलीवाल, गोपाल नोगिया, राजू धोबी, अनु धोबी, लखन खटीक, संदीप खोईवाल, दीपक, रामनिवास रोनी नेतराम, सुरेश चंदेरिया, बबलू रेगर, रामस्वरूप मारु और दुदा राम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन भीलवाड़ा में सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
