भीलवाड़ा जिले के काछोला थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव में सोमवार देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले घर में मौजूद महिला के दोनों बेटों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया और फिर 55 वर्षीय महिला से मारपीट करते हुए उसके गले और कानों से सोने के आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने जबरन टॉप्स खींच लिए, जिससे महिला के दोनों कान फट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

काछोला थाने के सहायक उप निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि अमरपुरा निवासी नंदू देवी (55) पत्नी रामलाल मीणा सोमवार रात करीब दो बजे अपने घर के आंगन (गुवाड़ी) में सो रही थीं। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश उनके घर पहुंचे।

वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से नंदू देवी के दोनों बेटों सत्यनारायण मीणा और वैद्यराज के कमरों के दरवाजों पर बाहर से सांकल (कुंडी) लगा दी, ताकि वे बाहर नहीं निकल सकें। इसके बाद तीनों बदमाशों ने अकेली सो रही नंदू देवी को दबोच लिया। दो बदमाशों ने उनका मुंह और हाथ दबाए रखे, जबकि तीसरे बदमाश ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की रामनामी और कानों के टॉप्स उतारने का प्रयास किया।

पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया और जबरन कानों से टॉप्स खींच लिए। इस दौरान उनके दोनों कान बुरी तरह फट गए और खून बहने लगा। महिला के गले पर भी गंभीर चोटें आईं।

मां की चीखें सुनकर दोनों बेटों ने कमरे से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन बाहर से दरवाजा बंद होने के कारण वे बाहर नहीं आ सके। कुछ देर बाद शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को कमरे से बाहर निकाला। तब तक तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर गांव से फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल नंदू देवी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही काछोला थाने से एएसआई राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश के लिए पूरे इलाके में सघन अभियान शुरू कर दिया है।

लगातार दूसरी बड़ी वारदात ने क्षेत्र में दहशत बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों के भीतर महिलाओं को निशाना बनाकर घर में घुसकर लूट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बिजोलिया थाना क्षेत्र के राणाजी का गुड्डा गांव में भी इसी मोड्स ऑपरेंडी (तरीके) से एक महिला को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश तथा भय का माहौल बना हुआ है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story