भीलवाड़ा। अक्षय सेवा संस्था ने अपना पांचवां स्थापना दिवस एक संवेदनशील और जनसेवा से जुड़ी अनूठी पहल के साथ मनाया। इस अवसर पर हरनी महादेव के आगे स्थित ॐ शांति वृद्धा आश्रम में निवासरत 35 वृद्धजनों का व्यापक मेडिकल चेकअप किया गया, जिसमें बी.पी., शुगर और जनरल हेल्थ की जांच शामिल रही।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष पवन कुमार नागौरी ने बताया कि संस्था के सदस्य तथा आर वी आर एस मेडिकल कॉलेज के सह-आचार्य डॉ ऋषी टेलर द्वारा सभी वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने यह भी बताया कि अब संस्था प्रत्येक माह के तीसरे गुरुवार को इसी वृद्धाश्रम में अनुभवी मेडिकल टीम के माध्यम से नियमित चेकअप, आवश्यक दवाइयों और जांच सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

संस्था के मुख्य संरक्षक चंद्र देव आर्य और सचिव सुनील व्यास ने संस्था की पिछले पांच वर्षों की सेवाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि महात्मा गांधी चिकित्सालय में 400 केवीए का ओटो पैनल डीजी सेट नॉर्थ अमेरिका ग्रुप भीलवाड़ा के सहयोग से दान स्वरूप भेंट किया गया। वस्त्र व्यापार मित्र मंडल के सहयोग से कोरोना काल में पेशेंट ट्रॉली, व्हील चेयर और ऑक्सीजन सिलेंडर स्टैंड भी उपलब्ध कराए गए। विगत चार वर्षों से प्रचंड गर्मी के दौरान लौटे गिलास के माध्यम से कतार में खड़े मरीजों और उनके परिजनों को लगभग तीन महीने तक निरंतर पानी पिलाने की सेवा दी गई। इसके अलावा संस्था द्वारा अब तक चार वृहद नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 600 मरीजों के निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किए गए। साथ ही पिछले तीन वर्षों में क्लब-फुट (जन्मजात विकृति) से पीड़ित 65 रोगियों को क्लब फुट श्यू भी प्रदान किए गए।

संस्था की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा लीला शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर होटल नंदनी में वार्षिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आगामी वर्ष में जनसेवार्थ कार्यों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नए सदस्य बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया और सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया। कोषाध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी ने संस्था के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी निलेश शर्मा, मनीषा बाकलीवाल, डॉ पायल टेलर, बलराज शर्मा, राजकुमार शर्मा, राधेश्याम पत्रियां, लोकेश शर्मा, योगेश शर्मा और वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। यह आयोजन संस्था की निरंतर सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story