भीलवाड़ा: आचार्य पुलकसागर के सानिध्य में भव्य निर्वाण कल्याणक महोत्सव संपन्न
भीलवाड़ा में पावापुरी तीर्थ की प्रतिकृति के दर्शन और निर्वाण लाडू अर्पण के साथ चातुर्मास का हुआ विसर्जन।

भीलवाड़ा के सूर्यमहल में आयोजित निर्वाण कल्याणक महोत्सव के दौरान धर्मसभा को संबोधित करते आचार्य पुलकसागर महाराज।
भीलवाड़ा में सोमवार को भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक महोत्सव पर आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। राष्ट्र संत आचार्य मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में पावापुरी तीर्थ की भव्य प्रतिकृति तैयार की गई। सजीव स्वरूप में प्रस्तुत इस प्रतिकृति के दर्शन कर श्रद्धालुओं को ऐसा अनुभव हुआ मानो वे स्वयं निर्वाण स्थल पावापुरी पहुंच गए हों। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान महावीर की पूजा-अर्चना के साथ निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पांडाल छोटा पड़ गया और लोगों ने जहां जगह मिली, वहीं बैठकर महोत्सव में भाग लिया।
भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे आचार्य पुलकसागरजी महाराज के सानिध्य में श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव के लिए मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध झांकी रचनाकार नंदनभाई और उनकी टीम ने पावापुरी की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की थी। इसमें विशाल पद्म सरोवर का निर्माण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रतिकृति के समक्ष भगवान महावीर की पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू चढ़ाए।
महोत्सव को संबोधित करते हुए आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि भीलवाड़ा में पावापुरी की रचना के माध्यम से आज तीर्थभूमि पावापुरी का दृश्य साकार हो गया है। पावापुरी में निर्वाण कल्याणक मनाने के लिए प्रतिवर्ष लाखों लोग पहुंचते हैं। जैन धर्म में केवल जन्म ही नहीं, बल्कि निर्वाण भी महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। हम सभी भगवान महावीर की संतान हैं और हमें इस पर गर्व की अनुभूति होनी चाहिए।
आचार्यश्री ने भगवान महावीर की साधना और निर्वाण से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि मोक्ष प्राप्ति से पूर्व भगवान महावीर ने जिस स्थान पर साधना की थी, वह पावा का भयंकर जंगल था। वहां उन्होंने एक शिलापट्ट पर बैठकर साधना और आराधना की। इसी स्थान पर देवताओं ने समोवशरण की रचना की थी, जो 30 वर्ष तक चला। साधना करते हुए भगवान महावीर ने दिवाली के दिन परम लक्ष्य मोक्ष प्राप्त किया। आचार्यश्री ने प्रार्थना की कि जिस प्रकार वह दिवाली भगवान महावीर के निर्वाण की दिवाली थी, वैसी ही दिवाली सभी के जीवन में भी आए।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर ने मोक्ष पधारने से पहले अपने प्रिय शिष्यों गणधर भगवान को भी स्वयं से दूर कर दिया था। भगवान के निर्वाण के बाद वहां पहुंचे गौतम गणधर को केवल ज्ञान की प्राप्ति हुई। भगवान ने जिस स्थान पर मोक्ष प्राप्त किया, वहां विशाल पद्म सरोवर की रचना हो गई और वह भूमि पावापुरी के नाम से प्रसिद्ध हुई। आज भी पावापुरी में वह सरोवर मौजूद है।
आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि नंदनभाई की मेहनत से भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं को निर्वाण दिवस पर पावापुरी की प्रतिकृति के दर्शन, पूजन और निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य मिला है। इस अवसर पर सौधर्म इन्द्र के रूप में पावापुरी में भगवान महावीर का पूजन करने तथा 24 किलो का मुख्य निर्वाण लाडू चढ़ाने का पुण्यलाभ श्रीमती मंजूदेवी, दिलीप, प्रवीण, नवीन और राहुल चौधरी परिवार को प्राप्त हुआ। चौधरी परिवार ने श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में नाचते-गाते हुए जिनेन्द्र भगवान के दरबार में पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा पांडाल भक्ति के रंग में सराबोर रहा और श्रद्धालु अपने स्थानों पर ही नाचते-झूमते नजर आए।
महोत्सव में शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य श्रीमती भगवतीदेवी विजयकुमार और अजय झांझरी परिवार को मिला। इसके साथ ही 24 पुण्यार्जक परिवारों ने इन्द्र-इन्द्राणी बनकर पांच-पांच किलो के 24 निर्वाण लाडू अर्पित किए। समारोह के अंतिम चरण में हजारों श्रद्धालु पावापुरी तीर्थ की प्रतिकृति के दर्शन करने और निर्वाण लाडू चढ़ाने के लिए उमड़ पड़े। कोई भी श्रद्धालु इस अवसर से वंचित नहीं रहना चाहता था।
निर्वाण लाडू चढ़ाने की परंपरा का महत्व बताते हुए आचार्यश्री ने कहा कि निर्वाण दिवस पर लाडू इसलिए अर्पित किया जाता है, क्योंकि यह धरती की तरह गोल होता है और आत्मा की तरह इसका भी न आदि है और न अंत। उन्होंने मुख्य निर्वाण लाडू चढ़ाने वाले चौधरी परिवार की अनुमोदना करते हुए कहा कि परिवार ने भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं को पावापुरी की तीर्थयात्रा कराने का पुण्यलाभ प्राप्त किया है। आचार्यश्री ने सभी श्रद्धालुओं से भगवान के निर्वाण के बाद अपने-अपने घरों में जैन पद्धति से पूजन करने और परमात्मा की आराधना करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान पावापुरी की प्रतिकृति तैयार करने वाले कलाकार नंदनभाई का श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर आचार्य पुलकसागर महाराज ने बताया कि भगवान महावीर निर्वाण कल्याणक के दिन उनके चातुर्मास का विधिवत विसर्जन (निष्ठापन) भी संपन्न हो गया। धनतेरस से अमावस्या तक मध्यरात्रि में चले मंत्र जाप अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई। सोमवार सुबह स्वाति नक्षत्र के शुभ मुहूर्त में चेत्याल्य में चातुर्मास विसर्जन से संबंधित धार्मिक क्रियाएं पूरी की गईं।
चातुर्मास की समाप्ति के बाद 15 नवम्बर को पिच्छी परिवर्तन समारोह आयोजित होगा। इसी दिन आचार्यश्री भीलवाड़ा का ऐतिहासिक चातुर्मास संपन्न कर जहाजपुर की दिशा में मंगल विहार करेंगे। उनका जहाजपुर होते हुए श्रीमहावीरजी और आगरा की ओर विहार करने का भाव है।
महोत्सव के समापन पर आचार्यश्री ने श्रद्धालुओं को अभिमंत्रित लक्ष्मी पोटली भी प्रदान की। इसे प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लग गई। आचार्यश्री ने बताया कि तीन दिन की विशेष मंत्र साधना के दौरान इस पोटली को अभिमंत्रित किया गया है और इसमें जिनेन्द्र भगवान का आशीर्वाद समाहित है। इसमें विशेष जड़ी-बूटियां और सामग्री रखी गई हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पोटली को खोले बिना अपने प्रतिष्ठान के गल्ले या तिजोरी में रखा जाए तथा प्रतिदिन इस पर इत्र लगाया जाए, ताकि इसकी महक बनी रहे।
इससे पहले धनतेरस से अमावस्या तक मध्यरात्रि में चले मंत्र जाप अनुष्ठान का समापन रविवार मध्यरात्रि में हुआ। चातुर्मास कलश के पुण्यार्जक परिवारों ने इस अनुष्ठान में भाग लिया था। सभी श्रावक लाल रंग की धोती-दुपट्टा धारण कर मंगल कलश के समक्ष बैठे और मंत्र जाप के माध्यम से आराधना की। अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद आचार्य पुलकसागर महाराज के आशीर्वाद के साथ मंगल कलश उन्हें सौंपे गए। पुण्यार्जक परिवारों ने श्रद्धापूर्वक इन कलशों को अपने घर ले जाकर स्थापित किया।
भगवान महावीर निर्वाण कल्याणक के अवसर पर भीलवाड़ा में पावापुरी तीर्थ की प्रतिकृति का निर्माण, हजारों श्रद्धालुओं द्वारा निर्वाण लाडू अर्पण और आचार्य पुलकसागर महाराज के चातुर्मास विसर्जन के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। 15 नवम्बर को होने वाला पिच्छी परिवर्तन समारोह आचार्यश्री के भीलवाड़ा से मंगल विहार का भी अवसर बनेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
