भीलवाड़ा: राम नाम से मिटते हैं सारे पाप और ताप, बोले आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री
भीलवाड़ा के काठियाबाबा आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जड़भरत संवाद, नृसिंह और वामन अवतार के प्रसंग सुनाए।

भीलवाड़ा के काठियाबाबा आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान व्यासपीठ पर आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री और आरती करते श्रद्धालु।
भीलवाड़ा। कलयुग में प्रभु के नाम का सुमिरन मात्र करने से समस्त पाप, ताप और संताप मिट जाते हैं तथा जीवन में सर्व सुखों की प्राप्ति होती है। राम से बड़ा राम का नाम है और उसकी महिमा अपरंपार है। हरि नाम के स्मरण के लिए समय का इंतजार नहीं करना चाहिए, क्योंकि व्यक्ति को अपनी दौलत का तो हिसाब रहता है, लेकिन उसके पास कितना समय शेष है, इसका पता नहीं होता। जीवन का एक क्षण भी भरोसेमंद नहीं है और अंतिम समय में न माया काम आती है और न काया। जीवन में खुशहाल और संतोषी रहना है तो ईश्वर और मृत्यु को सदैव याद रखें तथा उपकार और अपमान को भूल जाएं।
ये विचार शुक्रवार, 13 नवम्बर को छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से व्यक्त किए। कथा का आयोजन महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में हो रहा है। तीसरे दिन जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार और वामन अवतार सहित विभिन्न प्रसंगों का वाचन किया गया। इस दौरान कई संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।
आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कलयुग को क्लेश का युग भी कहा जा सकता है, लेकिन भागवत कथा मनुष्य को शांति का अनुभव कराती है। जीवन में जो अपना नहीं है, उस पर भी अधिकार जताने की प्रवृत्ति महाभारत की शुरुआत कर देती है। दूसरों की संपत्ति पर हक जमाने के बजाय यदि व्यक्ति अपनी संपत्ति का भी त्याग करने का भाव रखने लगे तो समझना चाहिए कि उसके जीवन में संतोष प्रदान करने वाले भागवत तत्व का प्रवेश हो गया है।
उन्होंने कहा कि कलयुग का ही प्रभाव है कि लोग माता-पिता की संपत्ति पर अपना अधिकार जताकर उसे प्राप्त करने के लिए मुकदमे करते हैं, लेकिन उनकी सेवा का अधिकार पाने के लिए कोई आगे नहीं आता। आचार्य ने कुव्यसनों का त्याग करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि नशा परिवार को बर्बाद कर देता है। नशा करना ही है तो प्रभु भक्ति का करें। अपेय पदार्थों का सेवन जीवन के पतन का कारण बनता है। छल, कपट और अनीति से अर्जित संपत्ति भले ही कुछ वर्षों तक टिक जाए, लेकिन अंततः वही समूल नाश का कारण बन जाती है।
ध्रुव प्रसंग के वाचन के दौरान आचार्य शास्त्री ने मां से मिलने वाले संस्कार और ज्ञान को जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि इन्हीं संस्कारों और ज्ञान से व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण होता है और उसका जीवन आगे बढ़ता है। मां ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है और वही उसके जीवन की नींव तैयार करती है।
कथा के दौरान भजनों की रसधारा भी लगातार प्रवाहित होती रही। व्यासपीठ से भजन शुरू होते ही सामने बैठे श्रद्धालु भक्ति भाव से ओतप्रोत होकर झूमने और थिरकने लगे। तीसरे दिन की कथा के विश्राम पर व्यासपीठ पूजन एवं आरती में हरिशेवाधाम के महामंडलेश्वर हंसारामजी महाराज, हाथीभाटा आश्रम के महन्त संतदास महाराज, पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे, संत गोविन्दराम और संत इशानराम सहित कई संत-महात्मा शामिल हुए।
सभी संत-महात्माओं का कथा सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा और व्यासपीठ पर विराजित आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने स्वागत किया। व्यासपीठ की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं में मनोज भट्ट, एसएस गंभीर, सुभाष चुघ, कमल वैशनानी, मुकेशकुमार, जतनसिंह, नितिन शर्मा, दिलीप चौधरी, सुजीत सिंह, अविनाश, गोपाल चौधरी, विष्णु काबरा, ममता सोनी, उषा शर्मा और आशा सोनी शामिल थे।
कथा श्रवण के लिए छोटी हरणी और भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक हनुमान टेकरी परिसर में किया जा रहा है। कथा के चौथे दिन शनिवार को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंगों का वाचन होगा। आयोजन के तहत हरणी महादेव मुख्य मार्ग से हनुमान टेकरी तक के रास्ते पर विशेष सजावट भी की गई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
