भीलवाड़ा। जिले के मंगरोप थाना क्षेत्र के मांडपिया स्टेशन इलाके में शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू होकर डिवाइडर फांदते हुए दूसरी लेन और सर्विस रोड पार कर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। भीषण हादसे में बाइक सवार 5 वर्षीय मासूम दिव्या की मौत हो गई, जबकि उसके पिता रामस्वरूप नायक, एक अन्य राहगीर और ट्रेलर चालक उदय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। शनिवार रात मांडपिया स्टेशन क्षेत्र में अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। मांडपिया चौकी प्रभारी मुकेश सैनी के अनुसार, बेकाबू ट्रेलर ने पहले डिवाइडर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और उसे पार करते हुए दूसरी लेन तथा सर्विस रोड को लांघकर सीधे चैनसुख कुम्हार के मकान में जा घुसा।

मकान से टकराने से पहले ट्रेलर ने बाइक सवार मांडपिया निवासी रामस्वरूप नायक, उनकी 5 वर्षीय बेटी दिव्या और एक अन्य राहगीर को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं, चैनसुख कुम्हार के मकान का मुख्य दरवाजा और पास बनी दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में भामरी, निम्बाहेड़ा निवासी ट्रेलर चालक उदय सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही मंगरोप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। स्थानीय लोगों की मदद से हाईवे एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 5 वर्षीय दिव्या को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल दिव्या के पिता रामस्वरूप नायक और ट्रेलर चालक उदय सिंह को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य घायल राहगीर को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को घटनास्थल से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।

रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद दिव्या का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच-पड़ताल कर रही है। मांडपिया स्टेशन क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक मासूम की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए और सड़क किनारे बने मकान व दुकान को भी नुकसान पहुंचा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story