✕
भीलवाड़ा समाचार: खदान में डूबने से किशोर की मौत और सड़क हादसे में 9 घायल
By Rajesh Toshniwal, BhilwaraPublished on
पुर थाना क्षेत्र में खदान में डूबने से 16 वर्षीय छात्र की जान गई, वहीं भीलवाड़ा बाइपास पर बोलेरो-बस भिड़ंत में 9 श्रद्धालु घायल हुए।

x
भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में हुए विभिन्न हादसों के बाद मामले की जांच करती पुलिस और एकत्रित स्थानीय लोग।
खदान में डूबे छात्र की मौत: दोस्तों की आंखों के सामने पानी में समा गया साथी
भीलवाड़ा। बारिश के पानी से भरी खदान में नहाने गया एक किशोर जिंदगी की जंग हार गया। दोस्तों के साथ हंसी मजाक करते हुए घर से निकला गोविंद सिंह कभी नहीं लौटेगा, इस बात का अंदाजा किसी को नहीं था। पल भर में खुशियों का माहौल चीख पुकार और मातम में बदल गया। एएसआई शिवराज सिंह के मुताबिक, पुर थाना क्षेत्र के अलास्का रिसोर्ट के पास हुए इस हादसे में अरिहंत विहार के बालाजी विहार निवासी गोविंद सिंह 16 पुत्र अजय सिंह अपने दो दोस्तों राजवीर सिंह और रितिक यादव के साथ नहाने उतरा था। खदान के एक हिस्से में पानी कम था, जबकि दूसरा हिस्सा अचानक गहरा हो जाता है। नहाते समय गोविंद का पैर फिसला और वह गहराई में चला गया। घबराकर उसने रितिक को पकड़ लिया, जिससे दोनों डूबने लगे। राजवीर ने हिम्मत दिखाते हुए रितिक को तो बाहर खींच लिया, लेकिन गोविंद हाथ से छूट गया और पानी में समा गया। दोनों दोस्तों ने रस्सी से तलाश की, आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, मगर कोई आगे नहीं आया। बेबस निगाहों से अपने साथी को डूबते देखना दोनों युवकों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। सूचना मिलते ही परिजन दौड़ पड़े और पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोविंद को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गोविंद पढ़ाई करता था और दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से घर में चीख पुकार मच गई। जबकि मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। (फोटो- बीएचएल 01)
हाइवे पर हादसा: सांवरियाजी के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो बस से भिड़ी
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा बाइपास स्थित हजारीखेड़ा कट के नजदीक मंगलवार दोपहर एक बोलेरो आगे चल रही ट्रैवल्स बस से टकरा गई। हादसे में नौ जने घायल हो गये, जिनका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुर थाने के सहायक उप निरीक्षक टीसी यादव ने बताया कि जयपुर और अजमेर के गुर्जर परिवार के नौ सदस्य मंगलवार को सांवरियाजी के दर्शन करने जा रहे थे। ये लोग बोलेरो में सवार थे। बोलेरो, भीलवाड़ा बाइपास पर हजारीखेड़ा के नजदीक पहुंची। जहां एक ट्रक आगे चल रहा था। इसी दौरान एक ट्रैवल्स बस ने ट्रक को क्रॉस किया तो ट्रक फस्र्ट लाइन में चला गया। बस हजारीखेड़ा कट से सिटी की ओर घूमी, तभी बोलेरो इस ट्रैवल्स बस के पीछे से टकरा गई। इसके चलते बस और बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गये। घायल लोगों की सूची: किशन 50 पुत्र माधु गुर्जर (छोटा नरैना, अजमेर) पूजा 16 पुत्री किशनलाल गुर्जर रमन 10 पुत्र मक्खन गुर्जर आरती पुत्री किशन गुर्जर मधु 14 पुत्री हरजीराम गुर्जर (किशनगढ़) दयाल 25 पुत्र हरकरण गुर्जर (नरैना, जयपुर) रमेश 12 पुत्र हनुमान गुर्जर (नीमली, नरैना) कनिश 6 पुत्र दयाल गुर्जर (नीमली) दुर्गा पत्नी दयाल गुर्जर (नीमली) हादसे की सूचना मिलते ही पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुये दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवा दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। (फोटो- बीएचएल 02)
ट्रांसपोर्ट नगर में टैंकर के केबीन में लगी आग, मचा हडक़ंप
भीलवाड़ा। ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार दोपहर उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब एक टैंकर के केबीन में अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंचे दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग सूत्रों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े एक ट्रक टैंकर के केबीन में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग की इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। इस पर दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पा लिया। आग से टैंकर का केबीन पूरी तरह जल गया। आग के कारण अभी सामने नहीं आये हैं।
स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश, खाली रहे पुलिस के हाथ
भीलवाड़ा। शहर के एक स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस छापा मारा। एक से दो घंटे जांच चली, लेकिन नतीजा जीरो रहा। ऐसे में पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। कोतवाली सूत्रों के अनुसार, थाना सर्किल में संचालित एक स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली। इस पर आईपीएस (प्रोबेशनर) आयुष श्रोत्रिय, डीएसपी सिटी सज्जन सिंह, कोतवाल शिवराज गुर्जर व गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासौटिया ने पुलिस टीम के साथ इस स्पा सेंटर पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर चार लड़कियां मिली, जिनमें दार्जिलिंग सहित अन्य इलाकों की थी। पुलिस का कहना है कि "स्पा सेंटर का संचालन नेपाल की महिला द्वारा किया जा रहा है।" करीब एक से दो घंटे चली जांच में स्पा सेंटर में किसी तरह की अवैध गतिविधियां संचालित होने की बात सामने नहीं आई। ऐसे में पुलिस टीम बैरंग लौट आई।
ट्रेलर की स्कॉर्पियो के लगी रगड़, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
भीलवाड़ा। अमजेर-भीलवाड़ा हाइवे पर सोमवार शाम ट्रेलर की स्कॉर्पियो को रगड़ लग गई। स्कॉर्पियो में एक एएसआई व हैडकांस्टेबल सवार थे, जो बाल बाल बच गये। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा जिला पुलिस में तैनात एक एएसआई व हैडकांस्टेबल स्कॉर्पियो से अजमेर से भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे। गुलाबपुरा थाना इलाके में सरेडी के आस-पास स्कॉर्पियो को एक ट्रेलर ने रगड़ लगा दी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। उधर, टक्कर के बाद भागे ट्रेलर को रायला पुलिस ने टोल के नजदीक रोक लिया। इससे पहले ट्रेलर को रुकवाने के लिए हाइवे के सभी थाना इलाकों में नाकाबंदी करवाई गई। हालांकि इस घटना को लेकर पुलिसकर्मियों ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई।
अचानक गश खाकर गिरने के बाद महिला की मौत
भीलवाड़ा। एक महिला की अचानक चक्कर आने और गश खाकर गिरने के बाद मौत हो गई। प्रथम दृष्टया महिला की मौत साइलेंट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पायेंगे। घटना, बड़लियास थाने के चांदगढ़ गांव में मंगलवार सुबह हुई। सहायक उप निरीक्षक गोपाललाल मीणा ने बताया कि "चांदगढ़ निवासी काली 35 पत्नी रतन भील सोमवार सुबह अपने घर पर थी। उसे अचानक चक्कर आये। इसके बाद वह गिर पड़ी।" उसे अचेतावस्था में पहले बड़लियास और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। प्रथमदृष्टया पुलिस काली की मौत साइलेंट अटैक से होना मान रही है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण सामने आ पायेंगे। महिला, एक बेटे-बेटी की मां थी। उसकी आकस्मिक मौत से परिवार के सदस्यों में मातम छा गया। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
Next Story
Related News
X
