भीलवाड़ा: नेशनल हाईवे 758 पर कार-बाइक की भिड़ंत, पति-पत्नी और बेटे की मौत
बीगोद थाना क्षेत्र के नयागांव के पास हुआ हादसा; पुलिस ने वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू की।

तस्वीर में सड़क पर खड़ी कार के दरवाजे में घुसी हुई मोटरसाइकिल दिख रही है।
भीलवाड़ा। नेशनल हाईवे 758 पर बीगोद क्षेत्र के नयागांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपति और उनके 24 वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और एक ही घर से तीन अर्थियां उठीं तो पूरा गांव गम में डूब गया।
सदर थाना क्षेत्र के रूपाहेली गांव निवासी भगवान (67) पुत्र रोडू बागरिया अपनी पत्नी देऊ देवी और 24 वर्षीय बेटे रतन के साथ बाइक से मांडलगढ़ जाने के लिए निकले थे। बीगोद थाने के हेड कांस्टेबल सतपाल के अनुसार, नयागांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भगवान और उनके बेटे रतन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल देऊ देवी को बीगोद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी भी सांसें थम गईं। जिस बेटे के सिर पर सेहरा बांधने और बुढ़ापे का सहारा बनने के सपने मां-बाप देख रहे थे, वही बेटा उनके साथ काल के गाल में समा गया।
हादसे के बाद पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही तीनों शव पैतृक गांव रूपाहेली पहुंचे, वहां कोहराम मच गया। पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और हर आंख नम हो गई।
जिस आंगन में कल तक जिंदगी मुस्कुराती थी, वहां से एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो पूरा गांव फफक पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि सांत्वना देने पहुंचे ग्रामीणों के आंसू भी नहीं थम रहे थे। गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के दुख में गांव का हर चूल्हा ठंडा पड़ा रहा।
फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
