भीलवाड़ा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते कॉलेज के संस्थापन अधिकारी ट्रैप
भीलवाड़ा में ACB ने माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामला 7.76 लाख रुपये के बिल और कथित कमीशन की मांग से जुड़ा है, जिसमें आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

तस्वीर में भीलवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपी और अन्य लोग खड़े हुए नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
ACB अधिकारियों के अनुसार, परिवादी प्रियदर्शी ने ब्यूरो के समक्ष एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी फर्म के पास माणिक्य लाल वर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में मानव संसाधन, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कॉन्ट्रैक्ट है।
शिकायत के अनुसार, परिवादी की फर्म के दो माह का लगभग 7,76,000 रुपये का बिल पास हो चुका था। आरोप है कि इस बिल के भुगतान के एवज में तथा आगे भी कार्य बिना किसी रुकावट या अड़चन के सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल ने कमीशन के रूप में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
ACB ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई। सत्यापन के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता में रिश्वत की राशि 40 हजार रुपये तय हुई। इसके बाद ब्यूरो ने जाल बिछाकर निजी अस्पताल के पास आरोपी शिव नुवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई सरकारी संस्थानों में रिश्वतखोरी के मामलों के खिलाफ ACB की सतर्क निगरानी और कार्रवाई को दर्शाती है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
