भीलवाड़ा जिले के शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला उठाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की भीलवाड़ा इकाई ने गुरुवार को जिला कलेक्टर के नाम एडीएम सिटी को सुबह 11:50 बजे ज्ञापन सौंपकर बिना फायर एनओसी और अन्य आवश्यक अनुमतियों के संचालित संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि भीलवाड़ा जिले में संचालित अनेक विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा (फायर एनओसी), भवन सुरक्षा प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों की धड़ल्ले से अनदेखी की जा रही है। संगठन के अनुसार इस स्थिति के कारण हजारों विद्यार्थियों की जान खतरे में बनी हुई है।

महानगर मंत्री कुणाल सिंह राणावत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि जिला प्रशासन, नगर परिषद, अग्निशमन विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में विशेष जांच अभियान चलाया जाए। एबीवीपी ने प्रत्येक संस्थान की वैध फायर एनओसी, भवन सुरक्षा प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक स्वीकृतियों का गहनता से सत्यापन कराने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि जिन संस्थानों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, उन्हें तत्काल आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बिना आवश्यक अनुमतियों और सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे अवैध संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए उनका संचालन तुरंत बंद कराया जाए।

संगठन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसे सभी शिक्षण संस्थानों का समय-समय पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुरक्षा मानकों की निरंतर निगरानी हो सके और विद्यार्थियों के जीवन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story