भीलवाड़ा। राजस्थान के वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए कलेक्ट्रेट परिसर से एक नवविवाहिता के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम विवाह से उपजे आक्रोश ने अपराधियों को इस कदर बेखौफ कर दिया कि उन्होंने न केवल सरेआम युवती को अगवा किया, बल्कि बीच-बचाव करने आए पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें जान से मारने का भी प्रयास किया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने दो मुख्य आरोपितों को दबोच लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटनाक्रम के अनुसार, करेड गांव निवासी संगीता ने अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ गोपाल लाल जाट के साथ मंदिर में प्रेम विवाह किया था। जान का खतरा महसूस होने पर नवविवाहित जोड़ा बुधवार को सुरक्षा की गुहार लगाने और अपने स्वेच्छा बयान दर्ज कराने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा था। लेकिन कलेक्ट्रेट की दहलीज पर कदम रखते ही पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया। आरोपित शिवराज, कालू और उनके अन्य साथियों ने संगीता को जबरन घसीटना शुरू कर दिया और उसे कलेक्ट्रेट के पीछे वाली सड़क तक ले गए।

युवती की चीख-पुकार सुनकर एसपी कार्यालय की परिवाद शाखा में तैनात एएसआई प्रताप और अन्य पुलिसकर्मी तत्परता दिखाते हुए मौके की ओर दौड़े। खाकी को सामने देखकर भी आरोपितों के हौसले पस्त नहीं हुए। उन्होंने युवती को बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो में बेरहमी से ठूंस दिया। जब एएसआई प्रताप और उनके साथियों ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने क्रूरता की हदें पार करते हुए पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस हमले में पुलिसकर्मी चोटिल होकर सड़क पर गिर पड़े, उनके सरकारी दस्तावेज बिखर गए और मोबाइल भी टूट गया। पुलिस को घायल कर आरोपित तेज रफ्तार में युवती को लेकर रफूचक्कर हो गए।

वारदात के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और अपहृत युवती संगीता को दस्तयाब कर लिया। पति गोपाल जाट की रिपोर्ट पर अपहरण और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी थानेदार उगमाराम के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश देते हुए करेड निवासी कालू पुत्र उदा जाट और कल्याण पुत्र मगना जाट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब शिवराज सहित अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। यह घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है, जो दर्शाती है कि सामाजिक रंजिश के नाम पर अपराधी अब पुलिस की मौजूदगी में भी कानून को हाथ में लेने से नहीं हिचकिचा रहे हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story